ऐसा लगता है कि भारतीय टीम के खिलाड़ी अपना-अपना प्रचार करने में जुटे हुए हैं। मनोज तिवारी ने बुधवार की सुबह सार्वजानिक रूप से कहा कि वो भारतीय टीम के मध्यक्रम की चिंताओं को दूर करने का सही विकल्प हैं। फिर शाम तक दिनेश कार्तिक ने दावा किया कि वो भारतीय टेस्ट टीम में खेलने के लिए फिट हैं।
भारत की वन-डे टीम में वापसी करने वाले दिनेश कार्तिक ने दावा किया है कि राष्ट्रीय टेस्ट टीम के लिए वो फिट हैं और उन्होंने उम्मीद जताई कि विराट कोहली की कप्तानी में उन्हें खेलने का मौका मिलेगा। कार्तिक ने कहा, 'मैं अभी वन-डे और टी20 टीम का सदस्य हूं, लेकिन टेस्ट टीम में जगह हासिल करना चाहता हूं। टेस्ट खेलना मेरा सपना है। मैं विराट कोहली के नेतृत्व में सफेद पोशाक पहनना बहुत पसंद करूंगा।'
बता दें कि कार्तिक की राष्ट्रीय टीम में वापसी काफी नाटकीय रही। कार्तिक ने घरेलू सीजन और फिर आईपीएल में उम्दा प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम में नहीं चुना गया। फिर मनीष पांडे चोटिल हो गए और उनकी जगह कार्तिक को मौका मिल गया। मगर फिर उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने का मौका नहीं मिला। वेस्टइंडीज दौरे पर उन्हें खेलने का मौका मिला तो टी20 मैच में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।
बहरहाल, आपको बताएं कि कार्तिक को टीम इंडिया में बतौर विशेषज्ञ बल्लेबाज शामिल किया गया है। कार्तिक ने अपने करियर की शुरुआत 2004 में की थी। धोनी के उभरने से कार्तिक को टीम में जगह मिलने के मौके कम होते गए। मगर कार्तिक को अच्छा बल्लेबाज होने के कारण 73 वन-डे, 23 टेस्ट और 10 टी20 अंतर्राष्ट्रीय में खेलने का मौका मिला।