पहली बार फाइनल खेल रहे कर्नाटक ने गुरुवार को महाराष्ट्र को 9 गेंद शेष रहते 8 विकेट से हराकर सैयद मुश्ताक अली टी-20 का खिताब जीत लिया। कनार्टक ने पहले गेंदबाजों के संयमित प्रदर्शन से महाराष्ट्र को 155 रन पर रोक दिया उसके बाद लक्ष्य को दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
रोहन कदम (60) और मयंक अग्रवाल (85) ने दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को दिव्यांग ने रोहन को जोल के हाथों कैच आउट करवाकर तोड़ा। रोहन ने अपनी पारी में 39 गेंदों का सामना कर छह चौके और तीन छक्के जड़े। इसके बाद मयंक ने करुण नायर (8) के साथ तीसरे विकेट के लिए अटूट 53 रन की साझेदारी कर टीम को चौके के साथ अपना पहला खिताब दिला दिया।
मयंक ने अपनी नाबाद पारी में 57 गेंदों का सामना कर छह चौके और तीन छक्के लगाए। इससे पहले महाराष्ट्र की टीम नौशाद शेख (69) के अर्द्धशतक के बावजूद चार विकेट पर 155 रन ही बना पाई। राहुल त्रिपाठी ने 30 और अंकित बावने ने 29 रन बनाए। कर्नाटक की ओर से अभिमन्यु मिथुन ने दो विकेट झटके।