बाबर आजम की जगह इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल किए कामरान गुलाम ने अपना जलवा बिखेरा और शतक जड़ा। कामरान की शतकीय पारी के दम पर पाकिस्तान ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में पांच विकेट पर 259 रन बना लिए हैं। स्टंप के समय विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान 37 रन और आघा सलमान पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
आबिद अली की सूची में शामिल हुए कामरान
कामरान ने मुश्किल हालात में इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया और खुद को मिले मौके का पूरा फायदा उठाया। पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में पारी से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की चयन समिति ने कड़े फैसले लेते हुए बाबर, शाहीन अफरीदी और नसीम शाह जैसे शीर्ष खिलाड़ियों को अगले दो टेस्ट से बाहर कर दिया था। बाबर की जगह प्लेइंग-11 में कामरान को शामिल किया गया और उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट मैच में शतक जड़ा दिया। 29 वर्षीय कामरान पाकिस्तान के लिए डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले दूसरे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इस तरह वह आबिद अली की सूची में शामिल हो गए हैं। 2019 में पाकिस्तान के लिए डेब्यू टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले आबिद सबसे उम्रदराज बल्लेबाज हैं।
नंबर चार पर उतरकर डेब्यू में शतक जड़ने वाले छठे बल्लेबाज बने कामरान
कामरान इसके साथ ही चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए डेब्यू में शतक जड़ने वाले दुनिया के छठे और पाकिस्तान के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। कामरान से पहले पाकिस्तान के सलीम मलिक भी ऐसा कर चुके हैं। सलीम ने श्रीलंका के खिलाफ मार्च 1982 में कराची में खेले गए टेस्ट मैच में नाबाद 100 रन बनाए थे। ओवरऑल इस सूची में कामरान और सलीम के अलावा बांग्लादेश के अमिनुल हक, इंग्लैंड के फ्रैंक हायेस, भारत के गुंडप्पा विश्वनाथ और इंग्लैंड के लिए खेलने वाले नवाब पटौदी सीनियर शामिल हैं।
डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ने वाले चौथे नंबर के बल्लेबाज
| खिलाड़ी |
देश |
बनाम |
रन |
वर्ष |
| कामरान गुलाम |
पाकिस्तान |
इंग्लैंड |
118 |
2024 |
| अमिनुल हक |
बांग्लादेश |
भारत |
145 |
2000 |
| सलीम मलिक |
पाकिस्तान |
श्रीलंका |
100* |
1982 |
| फ्रैंक हायेस |
इंग्लैंड |
वेस्टइंडीज |
106* |
1969 |
| नवाब पटौदी सीनियर |
इंग्लैंड |
ऑस्ट्रेलिया |
102 |
1932 |
सईम-कामरान ने पाकिस्तान को संभाला
इससे पहले, पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने मुल्तान में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड के बाएं हाथ के स्पिनर जैक लीच ने अब्दुल्लाह शफीक (7) और मसूद (3) को सस्ते में आउट कर पाकिस्तान को दोहरा झटका दिया। पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही, लेकिन सईम अयूब और कामरान ने फिर पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 149 रनों की साझेदारी की। सईम और कामरान दोनों ने अर्धशतक जड़े। हालांकि, यह साझेदारी और बड़ी होती उससे पहले ही मैथ्यू पॉट्स ने सईम को आउट कर इसे तोड़ दिया। सईम 160 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए।
सईम के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे सऊद शकील ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और उन्हें ब्राइडन कार्स ने चार रन बनाकर पवेलियन भेजा। कामरान हालांकि, दूसरे छोर से पारी संभाले रहे और उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट में शतक जड़ दिया। कामरान पाकिस्तान के 13वें बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट डेब्यू में शतक लगाने का कीर्तिमान बनाया है। कामरान की पारी का अंत शोएब बशीर ने उन्हें बोल्ड कर किया। कामरान 224 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 118 रन बनाकर चौथे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। इंग्लैंड के लिए पहले दिन लीच ने दो विकेट झटके, जबकि पॉट्स, कार्स और बशीर को एक-एक विकेट मिले।