टी20 विश्व कप 2022 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच है। दोनों टीमों के कप्तानों ने खिताी मुकाबले से पहले प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले खिलाड़ी को लेकर अपनी राय दी। इस दौरान दोनों कप्तान स्पष्ट थे कि उनकी नजरों में कौन सा खिलाड़ी यह पुरस्कार जीतने का हकदार है।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कहा कि भारत के सूर्यकुमार यादव अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए इस पुरस्कार के हकदार हैं। वहीं, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा कि उनके साथी खिलाड़ी शादाब खान को यह अवॉर्ड दिया जाना चाहिए।
बटलर ने कहा "मुझे लगता है कि सूर्यकुमार यादव, मेरे लिए सूर्यकुमार यादव ऐसे व्यक्ति रहे हैं जो खुलकर खेले हैं। वह स्टार खिलाड़ियों से भरे इस तरह के लाइन अप में अलग ही आकर्षक दिखे हैं। उनके पास जिस तरह के शॉट हैं, वह अद्भुत हैं।"
सूर्यकुमार यादव ने छह मैचों में 189.68 के स्ट्राइक रेट से 239 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक भी शामिल थे। उन्होंने नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतकीय पारियां खेली। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित किया और आईसीसी टी20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज भी बने।
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपने साथी खिलाड़ी शादाब खान का नाम लिया। बाबर ने कहा, "मुझे लगता है कि जिस तरह से वह खेल रहे हैं, उसके लिए शादाब खान को (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) होना चाहिए। उनकी गेंदबाजी शानदार रही है, उनकी बल्लेबाजी में भी काफी सुधार हुआ है। पिछले तीन मैचों में उनके शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ उनकी फील्डिंग ने उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए एक प्रमुख दावेदार बना दिया है।"
शादाब ने सिडनी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की थी पाकिस्तान की जीत में अहम योगदान दिया था। उन्होंने एक शानदार अर्धशतक बनाने के साथ गेंद के साथ भी उपयोगी योगदान दिया था। उन्होंने छह मैचों में 6.59 के इकोनॉमी रेट के साथ 10 विकेट लिए हैं।
सूर्यकुमार यादव और शादाब खान के अलावा, भारत के विराट कोहली, इंग्लैंड के जोस बटलर, एलेक्स हेल्स और सैम करन, पाकिस्तान के शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी, जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा और श्रीलंका के वनिन्दु हसरंगा को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।