इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर लांस क्लूजनर अफगानिस्तान के हेड कोच थे। उनका दो साल का कार्यकाल पिछले साल नवंबर में पूरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने इस पद से हटने का फैसला लिया था।
जोनाथन ट्रॉट
41 साल के ट्रॉट ने इंग्लैंड के लिए 52 टेस्ट, 68 वनडे और सात टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। टेस्ट में उनके नाम 44.08 की औसत से 3835 रन, वनडे में 51.25 की औसत से 2819 रन और टी-20 में 23 की औसत से 138 रन हैं। टेस्ट में ट्रॉट ने पांच विकेट और वनडे में दो विकेट भी झटके थे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ट्रॉट के हवाले से कहा- मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे रोमांचक टीमों में से एक के कोच बनने पर उत्साहित हूं। मेरा काम अफगानिस्तान को एक टीम के रूप में विकसित करने का होगा और मुझे यह अवसर मिला इसकी मुझे खुशी है।
ट्रॉट ने कहा- मैं ऐसे खिलाड़ियों के समूह के साथ काम करने का इंतजार नहीं कर सकता जो स्पष्ट रूप से अपने देश के क्रिकेट को ऊपर ले जाना चाहते हैं। यह अफगानिस्तान के लोगों को गौरवान्वित करेगा। आयरलैंड दौरे पर अफगानिस्तान की टीम पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी।
अफगानिस्तान की टीम
ट्रॉट ने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 2007 में किया था। तब उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 मैच खेला था। वहीं, ट्रॉट ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2015 में खेला। यह एक टेस्ट मैच था और इंग्लैंड के सामने केनिंग्टन ओवल में वेस्टइंडीज की टीम थी।
ट्रॉट के आने से निश्चित तौर पर अफगानिस्तान को काफी फायदा होगा। टीम को इस साल टी-20 वर्ल्ड कप भी खेलना है। ऐसे में ट्रॉट टीम को खिताब दिलाने में मदद कर सकते हैं। ट्रॉट की बदौलत ही इंग्लैंड की टीम 2009 और 2010 एशेज सीरीज अपने नाम करने में कामयाब हो पाई थी।