भारतीय टीम एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए तैयार है। सबसे ज्यादा चर्चा प्लेइंग-11 को लेकर है क्योंकि विकेटकीपर के लिए दो दावेदार मौजूद हैं। भारतीय टीम ने दुबई पहुंचने के साथ ही एशिया कप के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। भारत ने शुक्रवार को आईसीसी अकादमी ओवल में पहले नेट सत्र में हिस्सा लिया था। भारत इस बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा।
जितेश हो सकते हैं पहली पसंद
ऐसा लग रहा है कि भारतीय टीम एशिया कप के पहले मुकाबले में संजू सैमसन की जगह जितेश शर्मा को प्लेइंग-11 में शामिल कर सकती है। पहले अभ्यास सत्र से इसी तरह के संकेत मिले हैं। शुभमन गिल की टी20 टीम में वापसी हुई है और तभी से सैमसन की प्लेइंग-11 में जगह बनाने को लेकर संशय चल रहा है। गिल को एशिया कप के लिए उपकप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है और यह लगभग तय है कि वह अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर पारी की शुरुआत करेंगे। ऐसे में सैमसन के लिए सिर्फ विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर मध्यक्रम में उतरने का विकल्प बच रहा है जिसके लिए जितेश भी दावेदार हैं।
कोच की निगरानी में जितेश ने किया अभ्यास
जितेश ने अभ्यास सत्र के दौरान विकेटकीपिंग ड्रिल के साथ-साथ बल्लेबाजी अभ्यास भी किया है, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि पहले मैच में वह टीम प्रबंधन की पहली पसंद हो सकते हैं। जितेश ने मुख्य कोच गौतम गंभीर की निगरानी में बल्लेबाजी अभ्यास किया। ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार, इस दौरान सैमसन ने सिर्फ थ्रो डाउन अभ्यास किया और बाद में नेट पर बल्लेबाजी के लिए उतरे।
आईपीएल में बिखेरी थी चमक
जितेश का आईपीएल 2025 में प्रदर्शन शानदार रहा था और उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। जितेश ने 11 पारियों में 37.28 के औसत और 176.35 के स्ट्राइक रेट से 261 रन बनाए थे। उन्होंने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 33 गेंदों पर नाबाद 85 रनों की पारी खेली थी जिसके दम पर आरसीबी ने 18.4 ओवर में 228 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया था। इस जीत से आरसीबी की टीम अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर पहुंचने में सफल रही थी। जितेश ने भारत के लिए आखिरी बार जनवरी 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। उन्होंने सात टी20 मैचों में 100 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ, सैमसन भी शानदार फॉर्म में नजर आए हैं और उन्होंने हाल ही में केरल क्रिकेट लीग में पांच पारियों में 368 रन बनाए थे।