श्रीलंका ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत हासिल करते हुए बांग्लादेश को एक पारी और 248 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया है।
वहीं बांग्लादेश की टेस्ट इतिहास में यह चौथी सबसे बड़ी हार है। इस हार के साथ ही श्रीलंका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर 1-0 की बढ़त बना ली है।
मीरपुर में खेले गए टेस्ट मैच के चौथे दिन बांग्लादेश की पूरी टीम महज 250 रन बनाकर आउट हो गई। श्रीलंका ने कल महेला जयवर्द्धने की अविजित 203 रनों की दोहरी शतकीय पारी के दम पर छह विकेट पर 730 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी।
बांग्लादेश पहली पारी में 232 रन ही बना पाया था। पहली पारी के आधार पर 498 रन से पिछड़ने के बाद मेजबान टीम दूसरी पारी में भी ढह गई और पूरी टीम 250 रन ही बना पाया।
बांग्लादेश की इस खराब हालत के लिए आलराउंडर दिलरुवन परेरा ज्यादा जिम्मेदार रहे जिन्होंने 109 रन देकर पांच विकेट झटके। जबकि सुरंगा लकमल ने तीन विकेट निकाले। दिलरुवन का यह दूसरा टेस्ट मैच था। पहले टेस्ट मैच में उन्होंने 95 रन बनाए थे।
जयवर्द्धने का 7वां दोहरा शतक
इससे पहले पूर्व कप्तान महेला जयवर्द्धने के नाबाद दोहरे शतक की बदौलत श्रीलंका ने रहे बांग्लादेश के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन बुधवार को छह विकेट पर 730 रन का विशाल स्कोर बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी।
जयवर्द्धने ने नाबाद 203 रन की पारी खेलते हुए करियर का सातवां दोहरा शतक जड़ा। महेला ने 271 गेंदों में 16 चौकों और चार छक्कों की मदद से 203 रन की अविजित पारी खेली जबकि किथुरवान वितांगे ने नाबाद 103 रन बनाए।
पूर्व कप्तान टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा दोहरा शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर आ गए हैं। जयवर्द्धने के साथ चौथे नंबर पर वॉली हैमंड (7) भी हैं। इन दोनों से आगे अब डॉन ब्रेडमैन (12), ब्रायन लारा (9) और कुमार संगकारा (8) हैं।
खराब हुई थी बांग्ला टीम की शुरुआत
श्रीलंका की पारी में बुधवार को एकमात्र विकेट एंजेलो मैथ्यूज का गिरा जो 86 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट सोहाग गाजी के खाते में गया। वहीं, मेजबान बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 232 रन बनाए थे।
इस तरह श्रीलंका ने 498 रन की विशाल बढ़त हासिल करने के बाद दिन का खेल समाप्त होने तक 35 रन तक बांग्लादेश का एक विकेट चटका दिया था।
स्टंप्स तक शमसुर रहमान नौ और मार्शल अयूब 11 रन बनाकर क्रीज पर थे। ओपनर तमीम इकबाल 11 रन बनाकर रंगना हेराथ की गेंद पर दिलवान परेरा के हाथों लपके गए। इससे पहले सुबह श्रीलंका ने अपनी पारी पांच विकेट पर 375 रन से आगे बढ़ाई।