संजना गणेशन, जसप्रीत बुमराह, मयंक अग्रवाल
- फोटो : social media
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 15 मार्च को स्पोर्ट्स एंकर संजना गणेशन से शादी रचाई। इसके बाद बुमराह और संजना को शादी की खूब सारी बधाइयां मिलीं। इसी क्रम में भारतीय टेस्ट ओपनर मयंक अग्रवाल ने भी दोनों को शादी की बधाई दी, लेकिन इस दौरान मयंक से एक बड़ी गलती हो गई, जिसकी वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया।
मंयक ने संजना गणेशन की जगह पूर्व भारतीय क्रिकेटर संयज बांगड़ को बधाई दे दी। उन्हें टैग कर ट्वीट कर दिया। हालांकि, जब मयंक को अपनी गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने उस ट्वीट को हटा दिया और एक अलग ट्वीट कर बुमराह और संजना को फिर से बधाई दी। वहीं, तीसरे टी-20 से पहले मंगलवार को स्टार्स स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने मजाकिया लहजे में इस बात का जिक्र किया और मंयक की चुटकी ली।
बता दें कि 27 वर्षीय बुमराह ने गोवा में संजना के साथ शादी की। बेहद करीबी मेहमानों के बीच दोनों ने शादी रचाई। बुमराह ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शादी की तस्वीरें पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'प्यार के साथ हमने एक साथ नई यात्रा की शुरुआत की है। हम दोनों के लिए आज का दिन काफी अहम है। हम अपनी शादी की खबर और अपनी खुशी साझा करने पर काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं।' इससे पहले बुमराह ने निजी कारणों की वजह से इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट से पहले बीसीसीआई से छुट्टी मांगी थी।