चोट के बाद वापसी करने वाले मार्लन सैमुअल्स के चार और शेन शिलिंगफोर्ड के तीन विकेट के दम पर वेस्ट इंडीज ने जिम्बाब्वे को पहले टेस्ट के पहले दिन 211 रन पर समेट दिया। सैमुअल्स ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए मात्र 13 रन देकर चार विकेट चटकाये।
जिम्बाब्वे एक समय दो विकेट पर 100 रन बनाकर अच्छी स्थिति में था लेकिन उसने अपने आखिरी आठ विकेट 111 रन जोड़कर गंवा दिए। ओपनर टीनो मवोयो ने सर्वाधिक 50 रन बनाए जबकि क्रेग इरविन ने 29 रन का योगदान दिया।
जवाब में जिम्बाब्वे ने भी दिन के खेल की समाप्ति तक वेस्ट इंडीज के दो विकेट 18 रन पर गिराकर जबरदस्त वापसी की। ओपनर कीरोन पावेल पांच और नाइटवाचमैन केमर रोच खाता खोले बिना तेज गेंदबाज काइल जारविस के एक ही ओवर में चलते बने। स्टंप्स के समय क्रिस गेल 11 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि डेरेन ब्रावो को अपना खाता खोलना है।