फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एंडरसन को मिली राहत, तीसरे टेस्ट मैच में खेल सकेंगे

Wed, 23 Jul 2014 12:15 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
पहले टेस्ट मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में भारतीय खिलाड़ी रवींद्र जडेजा को गाली देने और धक्का मारने के आरोप में फंसे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को अब अगले महीने सजा मिल सकती है।
विज्ञापन


एंडरसन पर विपक्षी खिलाड़ी को गाली देने और धक्का मारने के आरोप में लेवल 3 का आरोप लगा है और अब इस मामले में निर्णायक सुनवाई एक अगस्त को की जाएगी।

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच 31 जुलाई को खत्म होने के एक दिन बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई होगी।

सुनवाई के 48 घंटों के अंदर आएगा फैसला

सुनवाई की अगली तारीख न्यायिक आयुक्त गोर्डन लुईस ने मंगलवार 22 जुलाई को प्रारं‌भिक स्तर की सुनवाई के बाद तय की है।

लुईस के सामने सुनवाई के दौरान आरोपी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन, इंग्लिश क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) और बीसीसीआई के प्रतिनिधि मौजूद थे। साथ ही दोनों बोर्डों के लीगल एडवाइजर भी वहां पर थे।

लेविस एक अगस्त को सुनवाई के 48 घंटों के अंदर अपना फैसला लिखित में सुनाएंगे। आईसीसी ने एक जानकारी देते हुए बताया कि यदि जरूरत हुई तो गोर्डन लगाए जाने वाले प्रतिबंध और प्रतिबंध लागू होने की तारीख तथा अपील के अधिकार की प्रक्रिया का भी फैसला करेंगे।

क्या है एंडरसन-जडेजा विवाद!

टीम इंडिया ने आरोप लगाया था कि ट्रेंट ब्रिज में पहले टेस्ट के दूसरे दिन लंच के लिए जाने के दौरान एंडरसन ने जडेजा को गाली दी, फिर धक्का भी दिया। हालांकि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने ऐसे किसी भी आरोप से इनकार किया। साथ ही यह भी कहा कि जडेजा छोटे से मामले को बड़ा बता रहे हैं।

भारत ने एंडरसन के खिलाफ आईसीसी में आचार संहिता के लेवल 3 के अंतर्गत शिकायत दर्ज कराई है। आचार संहिता के लेवल 3 आरोप के तहत जाति, धर्म, रंग और वंश को आधार बनाकर की गई टिप्पणी को अपराध की श्रेणी में रखा गया है।

इसके तहत एक खिलाड़ी या टीम अधिकारी को कम से कम दो टेस्ट या चार-आठ वनडे के लिए प्रतिबंधित किया जा सकता है। भारतीय टीम ने जब इस घटना की जानकारी इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को दी तो वो एंडरसन के पक्ष में जडेजा पर ही आरोप लगाने लगा।

टीम इंडिया ने एंडरसन पर आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के तहत लेवल 3 का आरोप लगाया है। ईसीबी के मुताबिक जडेजा के साथ हुए छोटे विवाद को भारतीय टीम बढ़ा-चढ़ा कर बता रही है। हालांकि जेम्स एंडरसन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
विज्ञापन

जडेजा के खिलाफ सुनवाई की तारीख तय नहीं

आईसीसी ने बताया कि रवींद्र जडेजा के खिलाफ इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से दायर अपील के मामले की सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं की गई है।

हालांकि जडेजा मामले की सुनवाई मैच रेफरी डेविड बून करेंगे।

जेम्स एंडरसन के खिलाफ टीम इंडिया के सख्त रवैये के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए इंग्लिश टीम ने आलराउंडर जडेजा के खिलाफ मैदान के बाहर डराने और धमकाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था।

आईसीसी ने इस बात की पुष्टि की थी कि इंग्लैंड ने जडेजा के खिलाफ लेवल दो की शिकायत दर्ज कराई है जिसके अंतर्गत दोषी पाए जाने पर जडेजा की आधी या पूरी मैच फीस काटी जा सकती है। या फिर उन पर एक टेस्ट या दो वनडे मैचों से प्रतिबंधित किया जा सकता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें