साउथैम्पटन में मेजबान इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीसरा और आखिरी टेस्ट खेला जा रहा है। वर्षा प्रभावित मैच के तीसरे दिन अनुभवी इंग्लिश पेसर गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने कमाल कर दिया। अपने 'पंजे' के दम पर 38 वर्षीय इस गेंदबाद न सिर्फ पाकिस्तानियों पर झपटा मारा बल्कि अपना नाम रिकॉर्ड बुक में भी दर्ज करवा लिया।
इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने पाकिस्तान के पांच खिलाड़ियों को आउट कर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। एंडरसन ने टेस्ट क्रिकेट में 29वीं बार पांच विकेट अपने नाम किया। वे अब सर्वाधिक पांच विकेट लेने के मामले में न्यूजीलैंड के रिचर्ड हेडली (36) के बाद दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।
इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट लेने के मामले में वे सबसे उम्रदराज तेज गेंदबाज बन गए हैं। इतना ही नहीं इन पांच विकेट के सहारे अब एंडरसन ने अपने टेस्ट शिकारों की संख्या 598 कर ली है। यानी वह 600 विकेट से सिर्फ दो कदम दूर हैं। पाकिस्तान की अगली पारी में दो सफलता लेेते ही जेम्स 600 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले पेसर बन जाएंगे।
इंग्लैंड क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज जेम्स एंडरसन से अधिक विकेट संन्यास लेने वाले तीनों गेंदबाज स्पिनर हैं। मुथैया मुरलीधरन (800), शेन वार्न (708) और अनिल कुंबले (619) इस लिस्ट में क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे पायदान पर हैं।
इंग्लैंड ने पहली पारी आठ विकेट पर 583 रन बनाकर घोषित की थी। पाकिस्तान की पहली पारी 273 रन पर सिमट गई, जिससे अब इंग्लैंड के पास 310 रन की अहम बढ़त है। इस सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था। दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने बाजी मारी थी। अब कोई चमत्कार ही पाकिस्तान को यह सीरीज बचाने में मदद कर सकता है।