बांग्लादेश के बल्लेबाज जाकिर अली अनिक ने एशिया कप 2025 से पहले खिताबी जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका मानना है कि बांग्लादेश की टीम इस बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम करके लौटेगी। बता दें कि, एशिया कप का आगाज नौ सितंबर से होगा जबकि 28 सितंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
'हम चैंपियन बनने जा रहे हैं'
इससे पहले बांग्लादेश के मध्य क्रम के बल्लेबाज जाकिर अली ने कहा कि ड्रेसिंग रूम का माहौल सकारात्मक है। उन्होंने कहा, 'इस बार हम एशिया कप में चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ जा रहे हैं। निजी तौर पर, मैं कह सकता हूं कि मैं वहां सिर्फ चैंपियनशिप जीतने जा रहा हूं और ड्रेसिंग रूम में भी सभी को यही विश्वास है। खासकर अभी जो माहौल है और जिस तरह से सभी लोग मेहनत कर रहे हैं, उसे देखते हुए हम सभी को विश्वास है कि इस बार हम चैंपियन बनेंगे।' बांग्लादेश को ग्रुप बी में श्रीलंका, हांगकांग और ओमान के साथ रखा गया है। बांग्लादेश अपने अभियान की शुरुआत 9 सितंबर को अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में हांगकांग के खिलाफ करेगा।
'किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेंगे'
27 वर्षीय बल्लेबाज जाकिर ने कहा है कि उनकी टीम आगामी टूर्नामेंट में किसी भी प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं लेगी और अपने अंदाज में क्रिकेट खेलते हुए बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान देगी। जाकिर ने अब तक 33 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 571 रन बनाए हैं, उनका औसत 27.19 है और सर्वाधिक स्कोर नाबाद 72 रहा है। उन्होंने कहा, 'किसी भी टीम को हल्के में लेने का सवाल ही नहीं उठता। हमारा मानना है कि हमारा प्लान हमेशा एक जैसा रहेगा। जिस तरह हम अपनी शैली में क्रिकेट खेलते हैं, उसी अंदाज में हर टीम के खिलाफ उतरेंगे। हम उसी हिसाब से तैयारी करेंगे ताकि मैदान पर अच्छा प्रदर्शन कर सकें।'