रविंद्र जडेजा और रिवाबा
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार को जडेजा ने रिवाबा का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह आरएसएस को लेकर बातचीत कर रही हैं। रिवाबा कहती हैं- आएसएस देशभक्ति, राष्ट्रीयत, बलिदान और एकता सिखाने वाला संगठन है। इस को ट्वीट करते हुए जडेजा ने कैप्शन में लिखा- आरएसएस के बारे में आपका ज्ञान देखकर बहुत अच्छा लगा। एक ऐसा संगठन जो भारतीय संस्कृति और हमारे समाज के मूल्यों को बनाए रखने के आदर्शों को बढ़ावा देता है। आपका ज्ञान और कड़ी मेहनत ही आपको दूसरों से अलग करती है। इसे जारी रखें रिवाबा।
इसके बाद फैंस ने जडेजा को ट्रोल करते हुए लिखा- एक खिलाड़ी होते हुए किसी संगठन को समर्थन देना आपको शोभा नहीं देता। इसके अलावा कांग्रेस के कुछ नेताओं ने भी जडेजा को राजनीति में प्रवेश करने की नसीहत दी। साथ ही बीसीसीआई को भी इस मामले में घसीट लिया। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने एक न्यूज चैनल डिबेट में कहा- ईडी और इनकम टैक्स के डर से हर कोई, खिलाड़ी से लेकर अभिनेता, सभी भाजपा को खुश रखने की कोशिश कर रहे हैं।
इसके बाद भाजपा भी इस जुबानी जंग में उतर गई। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट में लिखा- जडेजा की एकमात्र गलती यह है कि उन्होंने अपनी पत्नी का समर्थन किया और उन्हें प्रोत्साहित किया और सच बोला। इससे 'लूटियंस इको सिस्टम' में खलबली मच गई और वह जडेजा पर घटिया टिप्पणी कर रहे हैं। कांग्रेस के राशिद अल्वी ने उन पर निशाना साधा। परिवार की तारीफ करना ठीक है, लेकिन राष्ट्रवादी संगठनों की तारीफ करना ठीक नहीं?
इसके बाद जडेजा ने खुद की एक तस्वीर भी शेयर की। इस तस्वीर में जडेजा दिल पर हाथ रखे हुए हैं। इसके कैप्शन में जडेजा ने लिखा- भारतीय। दरअसल, जडेजा अगस्त-सितंबर में हुए एशिया कप में चोटिल हो गए थे। तब से लेकर अब तक वह चोटिल हैं।
फिलहाल जडेजा रिहैब में हैं। ऐसा माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से वह टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं। सितंबर से लेकर अब तक जडेजा ने कोई मैच नहीं खेला है। बांग्लादेश दौरे के लिए वह चुने तो गए, लेकिन अनफिट होने की वजह से उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया।