दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी जेपी डुमिनी ने निजी कारणों से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण से अपना नाम वापस ले लिया है। वह 2014 से दिल्ली डेयरडेविल्स टीम के महत्वपूर्ण ऑलराउंडर थे।
डुमिनी के टूर्नामेंट से बाहर होने की वजह से दिल्ली की टीम को तगड़ा झटका लगा है। डुमिनी 2015 आईपीएल संस्करण में टीम के कप्तान भी रहे हैं जबकि 2016 संस्करण में भी वह कुछ मैचों में टीम की कमान अपने हाथ में ले चुके हैं।
दिल्ली डेयरडेविल्स के सीईओ हेमंत दुआ ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि 'हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं, उन्होंने निजी कारणों से यह फैसला लिया है। हम जल्द ही टीम में उनके विकल्प का ऐलान करेंगे।'
डुमिनी ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि 'मैंने यह फैसला निजी कारणों से लिया है। टीम फ्रैंचाइजी को मेरे इस फैसले पर समर्थन देने के लिए उनका शुक्रगुजार हूं।'