वेस्टइंडीज के कप्तान ड्वेन ब्रावो का कहना है कि वह आईसीसी चैंपियंस ट्राफी जीतने वाली टीम इंडिया की फार्म से कतई चिंतित नहीं हैं और उसे कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार हैं।
ब्रावो ने त्रिकोणीय सीरीज में भारत के खिलाफ रविवार को यहां सबीना पार्क में होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, 'मैं जानता हूं कि यह एक जोरदार मुकाबला होगा। मैं जानता हूं कि भारत एक अच्छी टीम है लेकिन मुझे अपनी टीम पर भी पूरा भरोसा है। दोनों टीमों के पास अच्छे बल्लेबाज और गेंदबाज हैं।'
वेस्टइंडीज ने त्रिकोणीय सीरीज के शुरुआती मैच में श्रीलंका पर छह विकेट से जोरदार जीत दर्ज की थी। जबकि भारत रविवार को अपना पहला मैच खेलेगा।
मेजबान कैरेबियाई टीम की जीत में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल का अहम योगदान रहा जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी कर 109 रनों (100 गेंद) की शतकीय पारी खेली। इस जीत से मेजबान टीम के हौसले बुलंद हैं।
दूसरी ओर चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद टीम इंडिया का मनोबल भी सातवें आसमान पर है। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उम्मीद है कि उनकी टीम चैंपियंस ट्रॉफी के प्रदर्शन को त्रिकोणीय सीरीज में भी दोहराएगी। चैंपियंस ट्रॉफी में भारत अजेय रहा था और यहां पर भी अजेय रहन चाहेगा।
शतक लगाने वाले गेल की तारीफ करते हुए ब्रावो ने कहा कि वह दुनिया और हमारी टीम के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं। और हमें हमेशा खुशी मिलती है जब वो रन बनाते हैं।