पाकिस्तान सुपर लीग का दूसरा सत्र इन दिनों संयुक्त अरब अमीरात की धरती पर खेला जा रहा है। 14 जून को पीएसएल का 22वां मैच कराची किंग्स और इस्लामाबाद यूनाइटेड के बीच खेला गया। इस मुकाबले में इस्लामाबाद की टीम ने कराची पर धमाकेदार जीत दर्ज की। रेड आर्मी की जीत में कॉलिन मुनरो और इफ्तिखार अहमद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तीसरे नंबर पर खेलने आए मार्टिन गुप्टिल 6 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बाबर आजम और नजीबुल्लाह जादरान ने कराची की पारी को आगे बढ़ाया। इन दोनों ने धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए 117 रनों की साझेदारी की। बाबर 80 रन बनाकर आउट हुए जबकि नजीबुल्लाह 71 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह कराची की टीम ने 4 विकेट पर 190 रनों का स्कोर बनाया।
जीत के लिए 191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इस्लामाबाद यूनाइटेड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहला विकेट 28 रनों पर गिर गया। उस्मान ख्वाजा 12 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मुहम्मद अखलाक 1 रन ही बना सके। 41 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद ऐसा लगा कि कराची किंग्स ये मैच आसानी से जीत जाएगी।
लेकिन इसके बाद कॉलिन मुनरो और इफ्तिखार अहमद ने आक्रामक रुख अपनाया। इन दोनों बल्लेबाजों ने कराची किंग्स के गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी। मुनरो 88 रन बनाकर नॉट आउट रहे। वहीं इफ्तिखार ने 71 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों की शानदार बैटिंग के चलते इस्लामाबाद ने 8 गेंदें शेष रहते 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 71 रनों की आतिशी पारी खेलने वाले इफ्तिखार को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया।