भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के लिए पिछले कुछ शानदार रहे हैं। उन्हें आईपीएल नीलामी में 15.25 करोड़ की मोटी कीमत पर मुंबई इंडियंस ने खरीदा। वहीं, टीम इंडिया के लिए लगातार खेलने का भी मौका मिल गया। ऋषभ पंत के लगातार खेलने के कारण उन्हें विकेटकीपिंग का मौका नहीं मिलता। इस बारे में किशन ने कहा है कि पंत के साथ उनकी प्रतिस्पर्धा नहीं है और दोनों अच्छे दोस्त हैं। वहीं, आईपीएल नीलामी में मुंबई इंडियंस द्वारा इतनी बड़ी कीमत लगाने पर उन्हें हैरानी हुई।
ऋषभ पंत के टीम में होने से किशन को विकेटकीपिंग का मौका नहीं मिला। वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी मैच में पंत की अनुपस्थिति में उन्होंने कीपिंग की थी। किशन को अब श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों में विकेटकीपिंग करने का पूरा मौका मिलेगा। पंत सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। उन्हें आराम दिया गया है। संजू सैमसन की वापसी हुई, लेकिन ऐसा नहीं लगता कि उन्हें खेलने का मौका मिलेगा।
ऋषभ पंत के साथ देखते हैं फिल्में
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने पंत से जुड़े सवाल पर कहा, "वह बहुत अच्छा दोस्त है। जब भी हम दोनों आस-पास होते हैं, तो एक-दूसरे के साथ खूब मस्ती करते हैं। जब भी हमें समय मिलता है हम बस फिल्में देखते रहते हैं। हम आपस में क्रिकेट के बारे में भी खूब बातें करते हैं। मैं उससे अपने मन की बात कहता हूं और वह भी ऐसा ही करता है।"
बिहार के रहने वाले किशन झारखंड की ओर से घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं। उन्होंने आगे कहा, "एक बार भी मेरे दिमाग में यह नहीं आया कि मुझे पंत की जगह चाहिए और मैं आपको विश्वास दिला सकता हूं, उसके साथ भी ऐसा ही हुआ है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जब हम क्रिकेट खेलते हैं तो यह भी नहीं लगता कि हम एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। जब एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी के साथ प्रतिस्पर्धा होती है, तो इसमें भी मजा आता है।"
भारत के लिए खेल चुके हैं वनडे और टी20
किशन ने कहा कि उन्हें जब भी मौका मिलता है तो वे बेहतर खेल दिखाने का प्रयास करते हैं। उन्हें विकेटकीपिंग से प्यार है और जब भी मौका मिलता है तो उससे दूर नहीं भागते हैं। किशन ने भारत के लिए तीन वनडे मैचों में 88 रन बनाए और दो कैच पकड़े हैं। इस दौरान एक अर्धशतक जड़ा है। टी20 की बात करें तो उन्होंने आठ मैचों में 184 रन बनाने के साथ-साथ तीन कैच लपके और एक स्टंप किया है। किशन ने आईपीएल के 61 मैचों में 1453 रन बनाए हैं।
मुंबई की टीम में ही जाने का था मन
किशन ने आईपीएल नीलामी के बारे में कहा कि उन्हें पता था कि मुंबई की टीम ने उनके लिए जरूर बोली लगाएगी। इसकी चिंता उन्हें नहीं थी। जब उस दिन कीमत बढ़ने लगी तो उनकी दिल की धड़कने बढ़ गई थीं। उन्हें सिर्फ मुंबई की टीम में ही जाना पसंद था। ईशान किशन ने मुंबई की टीम में रहते हुए दो बार आईपीएल का खिताब जीता है। वे टीम के साथ चार साल हैं।