भारत के दो खिलाड़ी श्रेयस अय्यर और ईशान किशन इन दिनों भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निशाने पर हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अलग-अलग कारणों से रणजी ट्रॉफी से दूरी बनाए रखी है। ईशान कथित तौर पर आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सीजन से पहले अपनी तकनीक पर काम कर रहे हैं। वहीं, अय्यर पीठ की मामूली ऐंठन की समस्या से जूझ रहे हैं। हालांकि, ऐसा लग रहा है कि बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारी दोनों से पूरी तरह खुश नहीं हैं।
बीसीसीआई अय्यर और किशन के खिलाफ सख्त कदम उठाने पर विचार कर रहा है। माना जा रहा है कि दोनों को नई केंद्रीय अनुबंध सूची से बाहर करने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अय्यर और किशन दोनों को 2023-24 सीजन के लिए केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची से हटा दिया जाएगा। इस फैसले के पीछे कथित तौर पर एक कारण बोर्ड के आग्रह के बावजूद घरेलू क्रिकेट से उनकी अनुपस्थिति है।
अगरकर ने तैयार कर ली अंतिम सूची: रिपोर्ट
रिपोर्ट्स के अनुसार, अजीत अगरकर के नेतृत्व में चयनकर्ताओं ने 2023-24 सीजन के लिए केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। इसकी घोषणा बीसीसीआई जल्द ही करेगा। बीसीसीआई के बार-बार कहने पर भी घरेलू क्रिकेट से दूर रहना दोनों खिलाड़ियों को भारी पड़ेगा। 2022-23 के केंद्रीय अनुबंध में ईशान किशन को सी श्रेणी में रखा गया था, जबकि श्रेयस अय्यर बी में थे। इसके तहत किशन एक करोड़ और अय्यर को तीन करोड़ रुपये मिलते हैं।
ईशान किशन के साथ क्या हुआ?
पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर वह भारतीय टीम के साथ गए थे, लेकिन दौरे की शुरुआत में ही ब्रेक लेकर वापस लौट आए थे। तब से वह लाइमलाइट से गायब हैं। किशन को बड़ौदा में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ ट्रेनिंग करते हुए देखा गया था। वह हार्दिक के साथ जिम भी नजर आए। बोर्ड ने ईशान किशन को घरेलू क्रिकेट में खेलने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने इससे दूरी बनाई।
श्रेयस अय्यर की हुई थी शिकायत
श्रेयस अय्यर को उनके खराब फॉर्म के लिए इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी तीन मैचों से टीम से बाहर कर दिया गया था। उन्हें भी रणजी खेलने की सलाह दी गई थी। हालांकि, श्रेयस ने कमर में दर्द की वजह से रणजी से दूरी बनाई थी। अब उनकी चोट को लेकर बेंगलुरु के नेशनल क्रिकेट एकेडमी ने बड़ा चौंकाने वाला खुलासा किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई को लिखी एक चिट्ठी में एनसीए ने श्रेयस को फिट करार दिया है। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में खेल विज्ञान और मेडिसिन के प्रमुख नितिन पटेल ने पुष्टि की है कि श्रेयस को कोई ताजा चोट नहीं है और वह फिट हैं।