आईपीएल-6 में बेहतरीन प्रदर्शन से सभी को चौंकाने वाली सनराइजर्स हैदराबाद और किंग्स इलेवन पंजाब जब शुक्रवार को आमने-सामने होंगी तो दोनों टीमों की नजर जीत की लय को बनाए रखने पर होगी।
हैदराबाद ने अभी तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है और छह में से चार मैच अपने नाम किए हैं। अपने पिछले मुकाबले में हैदराबाद ने पुणे वॉरियर्स पर शानदार जीत दर्ज की थी।
हैदराबाद के गेंदबाजी आक्रमण में स्पिनर अमित मिश्रा के अलावा पेसर डेल स्टेन, इशांत शर्मा और थिसारा परेरा जैसे दिग्गज गेंदबाज हैं, जिन्होंने अभी तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
दूसरी ओर, किंग्स इलेवन का प्रदर्शन अभी तक मिलाजुला रहा है। पंजाब ने अपने चार मुकाबलों में से दो जीते हैं और दो हारे हैं। उसने अपना पिछला मुकाबला गत चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स से जीता था।
पंजाब की सबसे बड़ी दिक्कत कप्तान एडम गिलक्रिस्ट की खराब फार्म है। गिलक्रिस्ट अभी तक बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन करने में विफल रहे हैं। टूर्नामेंट में पहली बार भिड़ रही दोनों टीमों के बीच दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।