सचिन तेंदुलकर इस समय अपने अच्छे फॉर्म में नहीं है लेकिन इस सीनियर बल्लेबाज ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह इस बात की परवाह नहीं करते कि दूसरे मेरे संन्यास के बारे में क्या सोचते हैं। वह सिर्फ अपना काम कर रहे हैं।
बकौल सचिन, ‘काफी लोग मेरे संन्यास के सवाल पर बातें करते रहते हैं। जहां तक मुझे याद है यह सवाल 2005 में शुरू हुआ और तब से आज तक जारी है। लेकिन मेरा जवाब आज भी वही है कि मैं अपना काम जारी रखूंगा और आप अपना काम करते रहो।’
यह पूछे जाने पर कि क्या इस सवाल से, कि आप कब रिटायर होंगे, आपके प्रदर्शन पर प्रभाव तो नहीं पड़ता, तेंदुलकर ने कहा, ‘इससे मुझ पर प्रभाव नहीं पड़ता।’
यहां दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल और सूचना व प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी की मौजूदगी में पहले ई-न्यूज पेपर की लांचिंग के बाद सचिन ने यह बात कहीं।
तेंदुलकर ने कहा, ‘2011 वर्ल्ड कप के दौरान अपना 99वां शतक जड़ने के बाद कैसे मीडिया ने मेरे सौवें शतक के बारे में अनुमान लगाया था। यह मीडिया है जो अपने काम को अंजाम दे रही है। मीडिया वर्ल्ड कप के दौरान शांत थी। कोई भी मेरे सौवें शतक के बारे में चर्चा नहीं कर रहा था क्योंकि उस वक्त सभी का ध्यान भारत के टूर्नामेंट जीतने पर था। लेकिन वर्ल्ड कप के बाद सभी का ध्यान मेरे 100वें अंतरराष्ट्रीय शतक पर चला गया।’
इस सवाल पर कि पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ तथा वीवीएस लक्ष्मण आपके बारे में क्या विचार दे रहे हैं, इस पर सचिन का जवाब था, ‘यह आप सोचते हैं कि वे मेरे बारे में गलत बातें करते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है।’