पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शर्मनाक हार झेलने वाली मुंबई इंडियंस के पास रविवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ अपनी विजयी लय में लौटने का सुनहरा मौका होगा।
लगातार छह शिकस्त झेलने वाली दिल्ली टूर्नामेंट की सबसे फिसड्डी टीम है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान में पिछला मुकाबला हारने वाली दिल्ली बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में बेहद कमजोर रही है।
डेविड वार्नर, वीरेंद्र सहवाग और महेला जयवर्धने जैसे धुरंधर बड़ी पारियां खेल पाने में विफल रहे हैं। लगातार मिल रही शिकस्त से दिल्ली का मनोबल भी बेहद कमजोर है।
ऐसे में मुंबई के पास दिल्ली को दूसरी बार हराने का बेहतरीन मौका है। मुंबई ने नौ अप्रैल को खेले गए मैच में दिल्ली को बड़े अंतर से हराया था। अब तक अपने पांच में से तीन मैच जीतनी वाली मुंबई की सबसे बड़ी चिंता ओपनर रिकी पोंटिंग और सचिन तेंदुलकर की खराब फॉर्म है।