आईपीएल की दो पूर्व चैंपियन टीमों राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टूर्नामेंट के छठे संस्करण में अब तक की स्थिति एक समान है और दोनों टीमों के बीच सोमवार को विस्फोटक मुकाबला होने की उम्मीद है।
राजस्थान रायल्स ने टूर्नामेंट में अब तक छह मैचों में से चार जीते हैं और दो हारे हैं जबकि दो बार के चैंपियन चेन्नई का भी यही रिकॉर्ड है। लेकिन इस मुकाबले के बाद निश्चित तौर पर दोनों टीमों की स्थिति बदल जाएगी।
जीतने वाली टीम जहां शीर्ष तीन में पहुंच जाएगी वहीं हारने वाली टीम टेबल में नीचे खिसक जाएगी। राजस्थान को पिछले मैच में रायल चैलेंजर्स बंगलोर के खिलाफ सात विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था जबकि चेन्नई ने गत चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स पर चार विकेट से जीत हासिल की थी।
यानी राजस्थान को जहां जीत की पटरी पर लौटना है वहीं चेन्नई को जीत की लय बरकरार रखनी है। यही वजह है कि इस मुकाबले के जोरदार होने की उम्मीद की जा रही है।
राजस्थान की उम्मीदें जहां अपने कप्तान राहुल द्रविड़ और शानदार फार्म में चल रहे अजिंक्य रहाणे पर टिकी होंगी, वहीं मेजबानों के लिए ’सर’ रविंद्र जडेजा एक बार फिर तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।
चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी बार-बार अपनी कप्तानी का लोहा मनवा चुके हैं और इस बार उनके सामने राहुल द्रविड़ हैं जिनकी कप्तानी में राजस्थान की टीम इस बार बदली-बदली नजर आ रही है।
"हमारे लिए यह जरूरी है कि हम बाहरी मैदानों पर मैच जीतें। हमें बाहरी मैदानों पर अपने रिकॉर्ड को सुधारना होगा। यह लंबा टूर्नामेंट है लेकिन हमने अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है। उम्मीद करता हूं कि अगले मैच में टीम के प्रदर्शन में सुधार आएगा।"
- राहुल द्रविड़, कप्तान, राजस्थान रॉयल्स