पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सिर्फ 79 रन पर सिमटने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने नींद से जागते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 77 रन से शिकस्त देकर आईपीएल-6 में चैंपियनों की तरह वापसी की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने ओपनर माइक हसी और सुरेश रैना के धमाकेदार अर्धशतकों से तीन विकेट पर 223 रन का स्कोर बनाया। जवाब में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन ही बना सकी।
‘मैन ऑफ द मैच’ बने रैना ने हैदराबाद की मजबूत मानी जा रही गेंदबाजी की जमकर बखिया उधेड़ते हुए 52 गेंद में 11 चौकों और तीन छक्कों के साथ नाबाद 99 रन की पारी खेली। हालांकि रैना दुर्भाग्यशाली रहे और इस सीजन अपना दूसरा शतक जड़ने से चूक गए।
मैच के फुल स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
इससे पहले, ओपनर माइक हसी और मुरली विजय ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 5.2 ओवर में 45 रन जोड़कर चेन्नई को आतिशी शुरुआत दी।
विजय ने 20 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों के साथ 29 रन बनाए जबकि हसी ने 42 गेंद में पांच चौकों और चार छक्कों के साथ 67 रन की पारी खेली।
रैना ने खासतौर पर तेज गेंदबाज इशांत शर्मा की जबरदस्त धुनाई की और पारी के 17वें ओवर में चार चौके और एक छक्के के साथ 25 रन बटोरे। इशांत ने चार ओवर में 66 रन खर्च किए और आईपीएल के सबसे महंगे गेंदबाज बने।
इससे पहले, लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की शुरुआत खराब रही। ओपनर शिखर धवन (03), कप्तान कुमार संगकारा (03) और हनुमा बिहारी (03) और डेरेन सैमी (07) जैसे दिग्गज सस्ते में पवेलियन लौट गए। पार्थिव पटेल ने सर्वाधिक 30 गेंद में छह छह चौकों और एक छक्के के साथ 44 रन की पारी खेली।