आईपीएल के 42वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने पुणे वॉरियर्स को 37 रनों से हराकर इस सीजन में पुणे के हाथों हार का बदला पूरा कर लिया है।
इस जीत के साथ चेन्नई के 10 मैचों में 8 जीत के साथ 16 अंक हो गए। जबकि चेन्नई इस टूर्नामेंट में दो मैच हारी है।
पहला मैच मुंबई के खिलाफ जबकि दूसरी हार उसे पुणे के हाथों अपनी जमीं पर मिली है।
इस मैच में पुणे को हराने के साथ चेन्नई के लगातार 6 मैच जीतने का कारनामा भी कर दिया।
मैच का फुल स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें।
चेन्नई के दिए गए 165 रनों के लक्ष्य के जवाब में पुणे की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 127 रन ही बना सकी। 16 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाने वाले कप्तान धोनी को 'मैन आफ द मैच' दिया गया।
पुणे की तरफ से सबसे ज्यादा 35 रन स्टीव स्मिथ ने बनाए। जबकि चेन्नई के सबसे सफल गेंदबाज मोहित शर्मा रहे। मोहित ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पुणे ने तेज शुरुआत की लेकिन कप्तान एरोन फिंच (15) के आउट होने के बाद विकेटों की पतझड़ शुरू हो गई।
चेन्नई ने बनाए 164 रन
चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की शुरुआत बेदह खराब रही। मुरली विजय की जगह डेविड हसी के साथ ओपनिंग करने आए ऋद्घिमान साहा कुछ खास नहीं कर पाए।
सलामी बल्लेबाज माइकल हसी केवल 5 रन बनाकर बोल्ड हो गए। इसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज ऋद्घिमान साहा भी 13 रन बनाकर चलते बने।
चेन्नई की तरफ से सबसे ज्यादा 63 रन सुरेश रैना ने बनाए। इसके अलावा कप्तान धोनी ने 45 और बद्रीनाथ ने 34 रनों का योगदान दिया।