ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। दुबई में मंगलवार (19 दिसंबर) को नीलामी में कोलकाता नाइटराइडर्स ने 24.75 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर उन्हें खरीदा। उनके हमवतन पैट कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने 20.50 रुपये में खरीदा। कमिंस आईपीएल नीलामी की इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे, लेकिन स्टार्क ने कुछ देर बाद उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया।
फ्रेंचाइजी के आधिकारिक हैंडल पर ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज का शानदार स्वागत किया गया। केकेआर ने 'आयरन मैन' की भूमिका निभाने वाले रॉबर्ट डाउनी जूनियर की तस्वीर में बदलाव किया। रॉबर्ट डाउनी जूनियर का नाम फिल्म में टोनी स्टार्क है। उनके चेहरे पर मिचेल स्टार्क का चेहरा लगा दिया। कोलकाता नाइटराइडर्स ने लिखा- हम जीत गए, मिस्टर स्टार्क।
हेलीकॉप्टर से उतरे स्टार्क!
रॉबर्ट डाउनी जूनियर ही नहीं, बल्कि स्टार्क का स्वागत टीम के मालिक शाहरुख खान की तरह है। करण जौहर की फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' में जब शाहरुख खान घर आते हैं तब वह हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद दौड़ते हैं। शाहरुख के चेहरे पर कोलकाता ने स्टार्क के चेहरे को लगा दिया।
एलिसा हीली का रिएक्शन
स्टार्क जब 24.75 करोड़ रुपये में बिके तो उनकी पत्नी एलिसा हिली हैरान हो गईं। उनका एक छोटा सा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अपने आईपीएल करियर में स्टार्क ने 27 मैच खेले हैं। उन्होंने 2014-15 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए 34 विकेट झटके थे।
स्टार्क के लिए भिड़े गंभीर और नेहरा
स्टार्क के लिए दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच शुरू में जोरदार टक्कर देखने को मिली। दिल्ली ने 9.40 करोड़ रुपये की बोली के बाद खुद को अलग कर लिया। वहीं, मुंबई की टीम ने अधिकतम 9.60 करोड़ रुपये बोली लगाई। यहां से गुजरात और कोलकाता के बीच टक्कर देखने को मिली। कोलकाता के टेबल पर गौतम गंभीर तो गुजरात के टेबल पर आशीष नेहरा बैठे थे। भारत के दो पूर्व खिलाड़ियों के बीच ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज के लिए टक्कर देखने को मिली। अंत में गंभीर ने बाजी मारी।