इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन के लिए खिलाड़ी की बड़ी नीलामी होने वाली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने नीलामी की तारीखों का एलान नहीं किया है। अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट में कई तारीखों के बारे में चर्चा की गई है। एक रिपोर्ट में सात और आठ फरवरी को नीलामी होने की बात कही गई है तो दूसरे रिपोर्ट में 12 और 13 फरवरी का जिक्र किया गया है। इस बारे में अमर उजाला ने बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल से बात की। उन्होंने इन रिपोर्टों को खारिज कर दिया। धूमल ने कहा कि बोर्ड ने अब तक किसी भी तारीख को लेकर फैसला नहीं किया है।
तीन मीडिया रिपोर्ट में क्या-क्या कहा गया?
- समाचार एजेंसी पीटीआई ने बुधवार (22 दिसंबर) को बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया था कि नीलामी का आयोजन सात और आठ फरवरी को बेंगलुरु में होगा।
- क्रिकबज ने गुरुवार (23 दिसंबर) को अपनी रिपोर्ट में कहा कि नीलामी का आयोजन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होगा।
- क्रिकबज के बाद समाचार एजेंसी एएनआई ने बोर्ड के अधिकारी के हवाले से बताया कि नीलामी का आयोजन बेंगलुरु या कोच्चि में हो सकता है।
जगह तय करने के बाद तारीखों का होगा एलान: धूमल
अरुण धूमल ने कहा कि बीसीसीआई ने अभी तक तारीख को लेकर कोई फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘आईपीएल नीलामी फरवरी के पहले या दूसरे सप्ताह में आयोजित होगी। बोर्ड पहले जगह का चुनाव करने के बारे में लगा हुआ है। जगह फाइनल होते ही नीलामी की तारीखों का ऐलान किया जाएगा।’’
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के साथ कोषाध्यक्ष अरुण धूमल।
- फोटो : सोशल मीडिया
अहमदाबाद फ्रैंचाइजी के विवाद पर क्या बोले धूमल?
अहमदाबाद फ्रैंचाइजी आईपीएल की नई टीम बनने के बाद से विवादों में है। उसे खरीदने वाली सीवीसी कैपिटल पर यह आरोप लगे थे कि उसके संबंध कई सट्टे वाली कंपनियों से हैं। ये कंपनियां भारत से बाहर हैं। इसी बात को लेकर विवाद गहराया हुआ है। बोर्ड ने मामला सामने आने के बाद तीन सदस्यीय एक जांच समिति का गठन किया था। फ्रैंचाइजी को लेकर अब तक फैसला नहीं आया है।
इस मामले को लेकर जब अमर उजाला ने धूमल से सवाल किया तो उन्होंने कहा, ‘‘बोर्ड किसी जल्दबाजी में नहीं है। जल्द ही फ्रैंचाइजी को लेकर अंतिम फैसला ले लिया जाएगा और फिर उसे सार्वजनिक किया जाएगा।’’
आईपीएल नीलामी
- फोटो : अमर उजाला
अहमदाबाद के साथ लखनऊ बनी थी नई फ्रैंचाइजी
इस साल 25 अक्टूबर को बीसीसीआई ने नई फ्रैंचाइजी का एलान किया था। गोयनका ग्रुप ने लखनऊ फ्रेंचाइजी 7090 करोड़ रुपये में खरीदी थी। वहीं, सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स ने अहमदाबाद फ्रेंचाइजी 5625 करोड़ रुपये में खरीदी। लखनऊ का होम ग्राउंड इकाना स्टेडियम होगा। वहीं, अहमदाबाद का होम ग्राउंड नरेंद्र मोदी स्टेडियम होगा। गोयनका ग्रुप इससे पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुका है। उन्होंने 2016 और 2017 में राइजिंग सुपर जाएंट्स फ्रेंचाइजी खरीदी थी।