विष्णु सोलंकी : बड़ौदा के इस खिलाड़ी ने सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के आठ मैचों में 53.40 की औसत से 267 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 128.36 का रहा। इसमें से 219 रन उन्होंने आखिरी पांच मैच में बनाए। उन्होंने टूर्नामेंट में 21 चौके और 12 छक्के जड़े।
लुकमान मेरीवाला : तेज गेंदबाज लुकमान सैयद मुश्ताक में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज रहे। उन्होंने आठ मैचों में 6.52 की इकोनॉमी से 15 विकेट लिए। इसमें एक पारी में पांच विकेट भी शामिल है।
केदार देवधर : बड़ौदा के केदार सैयद मुश्ताक के दूसरे उच्चतम स्कोरर रहे। उन्होंने 69.80 की औसत से 349 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 113.68 का रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में 35 चौके और 11 छक्के लगाए।
मोहम्मद अजहरुद्दीन : केरल के ओपनर अजहरुद्दीन ने सैयद मुश्ताक में टूर्नामेंट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा। उन्होंने 37 गेंदों पर शतक जड़ा और 53.50 की औसत और 194.54 के स्ट्राइक रेट से 214 रन बनाए। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने टी-20 में 19 मैचों में 144.80 की स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाए हैं।
नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स पर भी सभी की निगाह रहेगी जिसका पिछला सत्र काफी खराब रहा। टीम टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। धोनी और मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने अपनी टीम में युवाओं के बजाय अनुभव को अहमियत दी है। इसका उदाहरण रोबिन उथप्पा हैं जिन्होंने कम से कम पांच सत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है लेकिन ट्रेडिंग विंडो के दौरान चेन्नई ने उन्हें राजस्थान रॉयल्स से पूर्ण-नकद करार के तहत लिया।
फ्रेंचाइजी के करीबी एक सूत्र ने कहा,‘धोनी किस तरह के खिलाड़ी चुनते हैं, यह देखना होगा। हमेशा उन्हीं खिलाड़ियों को दबाव भरे हालात से निपटने का अनुभव होता है जो मध्यम स्तर के सीनियर खिलाड़ी होते हैं। यह मायने नहीं रखता कि क्रिकेट जगत में बतौर खिलाड़ी उसका रूतबा कैसा है।’
नूर और केनसे सबसे युवा
अफगानिस्तान के बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर नूर अहमद (16 साल 45 दिन) सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक अपने देश के लिए एक भी मैच नहीं खेला। उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया की घरेलू लीग बिग बैश में मेलबर्न रेनगेड्स की ओर से छह मैच खेले जिसमें दो विकेट लिए।
वहीं 16 साल के नगालैंड के लेग-स्पिनर खरीवित्सो केनसे सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी हैं। कारपेंटर के बेटे केनसे ने सैयद मुश्ताक में अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया था। उन्होंनेचार मैचों में सात विकेट लिए थे। इन दोनों का आधार मूल्य 20 लाख रुपए है।