फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हैदराबाद ने गुजरात को पांच विकेट से हराया

Sat, 07 May 2016 12:04 AM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (नाबाद 47) साथी खिलाड़ियों में ‘गब्बर’ के नाम से जाने जाते हैं। अंदाज भी उनका आक्रामक रहता है लेकिन शुक्रवार को उन्होंने गियर बदलते हुए धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी दिखाई और सनराइजर्स हैदराबाद को गुजरात लायंस के खिलाफ पांच विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। 
विज्ञापन


टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात लायंस ने ऐरोन फिंच के नाबाद 51 रनों से आईपीएल मुकाबले में छह विकेट पर 126 रनों का स्कोर खड़ा किया था लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद ने 19 ओवरों में पांच विकेट पर 129 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आठ मैचों में पांचवीं जीत के साथ हैदराबाद अंकतालिका में चौथे स्थान पर आ गई। धवन ने चालीस गेंदों पर 47 रन बनाए जिसमें छह चौके शामिल थे। 

हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर (24) ने आक्रामक शुरुआत की और दूसरे ओवर में प्रदीप सांगवान की गेंदों पर दो छक्के लगाए मगर चौथे ओवर में आए गेंदबाज धवल कुलकर्णी ने उन्हें मिडआन पर कैच करा दिया। नए बल्लेबाज केन विलियम्सन (06) का विकेट प्रवीण कुमार को मिला। उसके बाद शिखर धवन और हेनरिक्स (14) ने टिककर खेलने पर जोर दिया। दोनों ने 27 गेंदों पर 22 रन जोड़े। फिट होकर आईपीएल सीजन का पहला मैच खेलने उतरे युवराज सिंह पांच रन ही बना पाए। मगर एक छोर संभालकर खड़े शिखर धवन ने टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया। नमन ओझा नौ रन पर अविजित रहे। 
विज्ञापन


विस्फोटक बल्लेबाज युवराज सिंह की वापसी से टीम इस कदर उत्साहित थी कि सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और गुजरात लायंस के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया, लेकिन ऐरोन फिंच की खेली गई साहसिक पारी के दम पर टीम 126 रन बनाने में कामयाब रही।

हैदराबाद में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 126 रन ही बना पाई। उसकी ओर से ऐरोन फिंच (नाबाद 51) के साथ-साथ ड्वेन ब्रॉवो (18) और रविंद्र जडेजा (18) ने भी कुछ उपयोगी पारियां खेली जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। हैदराबाद की ओर से तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और मुस्ताफिजुर रहमान ने 2-2 विकेट झटके। जबकि बरिंदर सरां और मोएसिस हेनरिक ने 1-1 विकेट लिए।

धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह जो चोट के कारण अब तक आईपीएल से दूर थे और अपनी नई टीम हैदराबाद के शुरुआती 7 मैच नहीं खेल सके थे और आज फिट होने के बाद उन्होंने मैदान पर वापसी की।
विज्ञापन

इतनी कसी गेंदबाजी की 14 गेंदों के बाद बना गुजरात का पहला रन

गुजरात लायंस, आईपीएल
आईपीएल के 34वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में गुजरात लायंस की शुरुआत बहुत ही धीमी रही। शुरुआती 2 ओवर मेडन खेलने के बाद गुजरात की टीम पारी के 14 गेंद खेलने के बाद अपना खाता खोल सकी। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के बाद आशीष नेहरा ने लगातार मेडन ओवर डाले।

इसके बाद अपने दूसरे ओवर में भुवनेश्वर ने ड्वेन स्मिथ (1) को मुस्ताफिजुर रहमान के हाथों कैच आउट करा दिया। शुरुआती झटके से टीम को उबारने के लिए खुद कप्तान सुरेश रैना क्रीज पर आए लेकिन वह भी कुछ कमाल नहीं कर सके और भुवनेश्वर के तीसरे ओवर में कॉटएंडबोल्ड हो गए। हालांकि आउट होने से पहले उन्होंने 10 गेंदों में 1 चौका और 2 छक्के की मदद से 20 रन बनाकर टीम की रन बनाने की गति तेज करने की कोशिश जरूर की थी।

विस्फोटक बल्लेबाजी करने में माहिर ब्रैंडन मैकुलम ओपनिंग करने आए थे लेकिन हैदराबाद की कसी हुई गेंदबाजी के कारण वह खुल कर नहीं खेल पा रहे थे। इस बीच छठे ओवर में दिनेश कार्तिक (0) को मुस्ताफिजुर ने अपना शिकार बनाया। उनके जाने के बाद संघर्ष करते दिख रहे मैकुलम भी ज्यादा देर तक क्रीज पर बने नहीं रह सके और चलते बने। वह 19 गेंदों में एक भी चौके-छक्के लगाए बगैर मोएसिस हेनरिक की गेंद पर कैच आउट हो गए।

गुजरात के लिए झटकों का अंत होता नहीं दिख रहा था क्योंकि लगातार विकेटों के पतन और कसी हुई गेंदबाजी ने बड़े शॉट लगाने से रोक रखा था जिस कारण टीम 10 ओवर में 54 रन ही बना पाई। लेकिन अंतिम ओवरों में ऐरोन फिंच ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को 125 के पार पहुंचा दिया।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें