ऐसा लगता है कि आईपीएल-9 में नई टीम के साथ खेलने उतरे महेंद्र सिंह धोनी नए साथियों के साथ बेहतर तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं और शायद यही कारण है कि उन्हें लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है।
मोहाली में खेले गए मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने 8 गेंद शेष रहते पुणे सुपरजाइंटस को 6 विकेट से हरा दिया। पुणे ने फैफ डु प्लेसिस के 67 रनों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 152 रन बनाए और पंजाब को 153 रनों का लक्ष्य दिया। पंजाब को लक्ष्य हासिल करने में कोई दिक्कत नहीं क्योंकि उसे पहले विकेट के लिए मुरली विजय (53) और मनन वोहरा (51) के साथ 97 रनों की साझेदारी मिल गई थी। ग्लेन मैक्सवेल ने 14 गेंदों में 32 रनों की विस्फोटक और अविजित पारी खेली। पंजाब ने 18.4 ओवर में ही 4 विकेट खोकर 153 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
धोनी की टीम से आर अश्विन को एक भी सफलता नहीं मिली, लेकिन मुरुगन अश्विन ने 36 रन देकर 3 विकेट झटक लिए।
इस मैच से पहले आईपीएल-9 में नवप्रवेशी पुणे सुपरजाइंटस की टीम को दो मैच में से एक में ही जीत मिली जबकि एक में उसे हार का सामना करना पड़ा था। दूसरी ओर, पंजाब शुरुआती दोनों मुकाबले में हार के बाद आज पहली जीत हासिल कर ली।