आईपीएल के एक रोमांचक मुकाबले में गुजरात ने मुंबई इंडियन से छह विकेट से करारी शिकस्त दे दी। इसके साथ ही आईपीएल-9 में मुंबई इंडियन्स का सफर खत्म हो गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात लायंस की टीम की शुरुआती पारी लड़खड़ा गई और उसके ओपनर बल्लेबाज फिंच शून्य रन पर ही आउट हो गए। जिसके बाद सुरेश रैना और ब्रैंडन मैक्कुलन ने पारी को संभालते हुए 96 रनों की साझेदारी की। इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए रैना को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आईपीएल-9 में 'करो या मरो' के मुकाबले में पहले पारी की शुरुआत करते हुए मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने पूरा दमखम दिखाया और गुजरात लायंस के सामने जीत के लिए 173 रनों का लक्ष्य रखा।
कानपुर में टूर्नामेंट के 54वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 172 रन बनाए। उसकी ओर से नितीश राणा ने सबसे बड़ी पारी खेली और 36 गेंदों में 70 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 4 छक्के लगाए।
कप्तान रोहित शर्मा 17 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली। अंतिम ओवरों में जोस बटलर ने 33 रन बनाए। गुजरात लायंस की टीम प्लेऑफ में पहुंच चुकी है, लेकिन मुंबई को शीर्ष-4 में शामिल होने के लिए आज का मैच जीतना ही होगा।