फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुरेश रैना की टीम का 'विजयरथ' रोकने के इरादे से उतरेगी मुंबई

Fri, 15 Apr 2016 07:24 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
शुरुआती मैच में मिली पराजय के बाद जोरदार जीत से वापसी करने वाली गत चैंपियन टीम मुंबई शनिवार को यहां तालिका में शीर्ष पर चल रही गुजरात लायंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले में विजयी लय कायम रखने को प्रतिबद्ध होगी।
विज्ञापन


साथ ही उसकी कोशिश दो जीत हासिल कर चुकी सुरेश रैना की अगुआई वाली गुजरात टीम को हार के साथ झटका देने की भी होगी। पिछले दो वर्षों से मुंबई इंडियंस की शुरुआत हार से होती रही है लेकिन इस बार यह फर्क है कि टीम ने दूसरे मैच में जीत दर्ज कर जल्द वापसी कर ली है।

पहले मैच में नई टीम राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस से 9 विकेट से पराजित होने के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस टीम ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की जिससे उनके और आईपीएल-9 की नई टीम गुजरात लायंस के बीच शनिवार को यहां जोरदार मुकाबला होने की उम्मीद है।
विज्ञापन


मुंबई ने पिछले साल खिताब जीतने से पहले शुरुआत में लगातार 4 मैच गंवाए थे। इससे पहले 2014 में भी वह 5 मुकाबले हारने के बाद प्लेऑफ में पहुंची थी। इस बार मुंबई ने हार के सिलसिले को आगे नहीं बढ़ने दिया। केकेआर के खिलाफ कप्तान रोहित शर्मा ने नाबाद 84 रन बनाए।

मुंबई के अन्य बल्लेबाज जोस बटलर भी अच्छे टच में नजर आ रहे हैं जबकि न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर मैक्लेनघन भी टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा मेजबान टीम को युवा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या से भी बड़ी उम्मीदें होंगी। पिछले सीजन में मुंबई के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के लेंडल सिमंस चोट के कारण हट चुके हैं लेकिन इसके बावजूद टीम की बल्लेबाजी मजबूत नजर आ रही है।
विज्ञापन

पहली जीत की तलाश में सनराइजर्स हैदराबाद

आईपीएल सीजन-9 में पहली जीत को बेताब सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को शनिवार को अपने घरेलू मैदान में कोलकाता नाइटराइडर्स का सामना करना है। सनराइजर्स को पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के खिलाफ 45 रनों की हार का सामना करना पड़ा था।

बंगलोर टीम के कप्तान विराट कोहली, एबी डीविलियर्स और शेन वाटसन ने सनराइजर्स के गेंदबाजों के खिलाफ जमकर बल्ला चलाया था। दो बार की चैंपियन केकेआर ने दिल्ली के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत जीत से की थी लेकिन मुंबई के खिलाफ उन्होंने पिछला मैच गंवा दिया था। हैदराबाद की टीम पिछली बार सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंची थी और केकेआर के खिलाफ शनिवार को भी उसके लिए चुनौती आसान नहीं है क्योंकि कोलकाता की टीम इस बार भी खिताब के बड़े दावेदारों में है।

केकेआर की टीम शनिवार को यदि वेस्टइंडीज के स्पिनर सुनील नारायण को शामिल करती है तो उसकी गेंदबाजी और मजबूत हो सकती है। नारायण और बाएं हाथ के स्पिनर ब्राड हॉग की जुगलबंदी बेहद कारगर साबित हो सकती है।

शाहरुख खान के सह-स्वामित्व वाली केकेआर टीम की बल्लेबाजी में कप्तान गौतम गंभीर, रॉबिन उथप्पा, मनीष पांडे्य और आंद्रे रसेल जैसे नाम हैं। हैदराबाद के पास कप्तान डेविड वार्नर, शिखर धवन, मोएजेज हेनरिक्स, केन विलियम्सन और युवराज सिंह जैसे बल्लेबाज हैं। यह देखना होगा कि टखने की चोट से उबरने की प्रक्रिया में लगे युवराज शनिवार को मैच के लिए फिट हो पाते हैं या नहीं। हैदराबाद की गेंदबाजी में आशीष नेहरा, भुवनेश्वर कुमार, कर्ण शर्मा और बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान शामिल हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें