दिल्ली डेयरडेविल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल मुकाबला बेहद कांटेदार रहा लेकिन जोरदार संघर्ष के बाद भी कप्तान रोहित शर्मा की पारी टीम के काम न आई और दिल्ली ने बाजी मार ली। दिल्ली इस लीग में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के बाद ऐसी दूसरी टीम बन गई है जिसने अपने लक्ष्य का बचाव किया है।
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने जीत के लिए मुंबई को 165 रनों का लक्ष्य दिया लेकिन मेहमान टीम 10 रन से दूर रह गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने संजू सैमसन (60) और जेपी डुमिनी (नाबाद 49) की पारियों की मदद से 20 ओवर में 4 विकेट पर 164 रनों की पारी खेली।
जिसके जवाब में कप्तान रोहित शर्मा ने अकेले जुझारू पारी खेली और 65 रनों का योगदान दिया लेकिन अंतिम ओवर में उनके रन आउट होने से टीम लक्ष्य से दूर होती चली गई। फिरकी गेंदबाज अमित मिश्रा ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट झटककर दिल्ली की मैच में वापसी करा दी।
इस मैच में अंतिम 8 ओवर में मुंबई की टीम सिर्फ 56 रन ही बना सकी जबकि दिल्ली ने 80 रन जोड़े थे। दिल्ली की यह लगातार तीसरी जीत है।