सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म
इंडियन क्रिकेट नामक एक अकाउंट से एक ट्वीट पोस्ट किया गया, जिसमें लिखा है, 'एसआरएच ने ट्रेविस हेड के बदले रोहित शर्मा के लिए मुंबई इंडियंस से संपर्क किया।' यह दावा किया गया कि हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस से सीधे तौर पर बात की है और हिटमैन को अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश की है। इस पोस्ट को कुछ ही घंटों में 4.9 लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए। जैसे ही यह खबर फैली, सोशल मीडिया पर मानो बवंडर आ गया।
फैंस ने कहा, 'अगर अभिषेक शर्मा और रोहित शर्मा एक साथ ओपनिंग करेंगे, तो आईपीएल का नया इतिहास बनेगा।' कई यूजर्स ने यह भी लिखा कि 'मुंबई अगर रोहित को जाने देती है, तो यह उनकी सबसे बड़ी गलती होगी।' वहीं कुछ फैंस ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर यह डील होती है, तो एमआई का अगला कप्तान ट्रेविस हेड बन सकते हैं।'
मुंबई इंडियंस की ओर से अभी चुप्पी
फिलहाल मुंबई इंडियंस ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालांकि, कुछ समय पहले टीम के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने भी फैंस के बीच कयासों को हवा दी थी।
मुंबई ने रोहित की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, 'सूर्य फिर कल उगेगा, यह तो तय है, लेकिन 'नाइट' में... मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है!' इस पोस्ट में 'नाइट' शब्द में 'K' को हाइलाइट किया गया था, जिससे फैंस ने इसे कोलकाता नाइट राइडर्स से जोड़ दिया था। साथ ही मुंबई ने सन विल राइज लिखा था, जिसे फैंस ने सनराइजर्स हैदराबाद से जोड़कर भी देखा था। उस वक्त यह चर्चा थी कि केकेआर ने भी रोहित को अपने साथ जोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन अब एसआरएच का नाम सामने आने से कहानी और दिलचस्प हो गई है।
एसआरएच की योजना क्या है?
हैदराबाद की यह संभावित चाल बताती है कि टीम अपनी बल्लेबाजी में अनुभव और भरोसेमंद शुरुआत चाहती है। ट्रेविस हेड भले ही विस्फोटक बल्लेबाज हैं, लेकिन रोहित शर्मा जैसा अनुभवी कप्तान और ओपनर किसी भी टीम के लिए अमूल्य संपत्ति हैं। अगर यह डील कभी सच होती है, तो यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा ट्रेड साबित हो सकता है। फैंस का मानना है कि अभिषेक शर्मा और रोहित शर्मा की जोड़ी पावरप्ले में किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर सकती है।