सार
धोनी चोट के कारण आईपीएल 2026 के शुरुआती दो हफ्तों से बाहर रहेंगे, जिससे सीएसके को बड़ा झटका लगा है। अश्विन ने अपनी प्लेइंग 11 में संजू सैमसन को विकेटकीपर-ओपनर चुना है और टीम में युवा व आक्रामक खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2026 के शुरुआती दो हफ्तों में नहीं खेलेंगे। वह चोट के कारण बाहर हो गए हैं। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने पांच बार की चैंपियन टीम के लिए अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन चुनी है, जिसमें 'इम्पैक्ट प्लेयर' के विकल्प भी शामिल हैं।
आज से होगी आईपीएल के 19वें सत्र की शुरुआत
आईपीएल 2026 की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है। सीएसके 30 मार्च से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। फ्रेंचाइजी ने बताया है कि धोनी अभी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं, जिसके चलते उनके आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्तों से बाहर रहने की आशंका है।
सैमसन को सौंपा विकेटकीपिंग का जिम्मा
रविचंद्रन अश्विन ने विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन को चुना है। वह कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी की शुरुआत भी करेंगे। सीएसके के इस पूर्व खिलाड़ी ने अगले तीन स्थानों पर तीन आक्रामक बल्लेबाजों को रखा है। इनमें नंबर तीन पर उर्विल पटेल, नंबर चार पर बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस और उसके बाद पांचवें स्थान पर ऑलराउंडर शिवम दुबे शामिल हैं।
अश्विन ने छठे स्थान के लिए दो विकल्प दिए हैं। उनकी पहली पसंद सरफराज खान हैं, जबकि दूसरे विकल्प भारत की अंडर 19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे हैं। भारत के इस पूर्व स्पिनर ने प्रशांत वीर को नजरअंदाज करते हुए सातवें स्थान के लिए कार्तिक शर्मा को चुना है।
अश्विन ने गेंदबाजी विभाग में अकील हुसैन और नूर अहमद को मुख्य स्पिनर के तौर पर चुना है। इनमें हुसैन नंबर 8 पर बल्लेबाजी से भी योगदान देने में सक्षम हैं। तेज गेंदबाजी के आक्रमण के लिए उन्होंने मैट हेनरी और खलील अहमद को चुना है। अश्विन ने 'इम्पैक्ट प्लेयर' के लिए चार विकल्प सुझाए हैं। इनमें अंशुल कंबोज, श्रेयस गोपाल, रामकृष्ण घोष और राहुल चाहर शामिल हैं।
अश्विन ने चुनी सीएसके की प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, सरफराज खान/आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा, अकील हुसैन, नूर अहमद, मैट हेनरी, खलील अहमद।
इम्पैक्ट प्लेयर: अंशुल कंबोज/श्रेयस गोपाल/रामकृष्ण घोष/राहुल चाहर।