इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने उनके क्रिकेट करियर पर सबसे बड़ा असर डाला है। बटलर की हालिया फॉर्म अच्छी नहीं चल रही है और वह टी20 विश्व कप 2026 में रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए थे। बटलर ने बताया कि आईपीएल में खेलते समय उन्हें दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों और कोचों से सीखने का मौका मिलता है। यही अनुभव उन्हें इंग्लैंड के लिए टेस्ट, वनडे, और टी20 तीनों प्रारूप में खेलने में बहुत मदद करता है।
बटलर बोले- पीटरसन ने द्रविड़ से सीखकर किया था सुधार
बटलर ने कहा कि इस लीग में होने वाली बातचीत और सीख उनके खेल को बेहतर बनाती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि दिग्गज खिलाड़ी केविन पीटरसन ने भी आईपीएल के दौरान राहुल द्रविड़ से सीखकर अपने खेल में सुधार किया था। बटलर ने खुद भी कहा कि उन्हें मैथ्यू हेडन जैसे बड़े खिलाड़ियों से बात करने का मौका मिला, जो आमतौर पर नहीं मिलता।
बटलर का आईपीएल रिकॉर्ड
बटलर के आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 121 मैचों में 4120 रन बनाए हैं जिसमें सात शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए बटलर का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने 14 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 538 रन बनाए थे। बटलर ने शुभमन गिल और साई सुदर्शन के साथ मिलकर टीम के गुजरात के शीर्ष क्रम को मजबूती प्रदान की थी।
टी20 विश्व कप में नहीं चला था बटलर का बल्ला
हाल ही में खेले गए टी20 विश्व कप में बटलर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वह आठ पारियों में सिर्फ 87 रन ही बना सके। बटलर का कहना है कि इससे उनके आईपीएल खेलने के नजरिए में कोई फर्क नहीं पड़ता। वह हर सीजन में नए जोश और तैयारी के साथ उतरते हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में फॉर्म ऊपर-नीचे होती रहती है, लेकिन जरूरी है कि खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत रहे और लगातार मेहनत करता रहे। बटलर ने बताया कि उन्होंने विश्व कप के बाद थोड़ा ब्रेक लिया, जिससे उन्हें तरोताजा होकर वापसी करने में मदद मिली।
बटलर ने यह भी कहा कि खराब प्रदर्शन का कोई एक कारण नहीं होता। हर खिलाड़ी को खुद का विश्लेषण करना पड़ता है और आगे बेहतर करने की कोशिश करनी होती है। अंत में बटलर ने कहा कि उनका फोकस सिर्फ अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना है। वह हर मैच में स्थिति के हिसाब से खेलते हैं और टीम की जरूरत के अनुसार योगदान देने की कोशिश करते हैं।