आईपीएल में गेंद पर लार लगाने पर से प्रतिबंध हटा
- फोटो : BCCI
नियम-1: गेंद पर लार लगाने से बैन हटना
नए नियमों में सबसे महत्वपूर्ण गेंद पर लार लगाने की अनुमति फिर से देना है। कोविड-19 महामारी के कारण गेंद पर लार लगाना प्रतिबंधित कर दिया गया था और उसके बाद यह पहला अवसर होगा जबकि गेंदबाजों को इसकी अनुमति दी जाएगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल के अधिकतर कप्तानों से इस मामले में सहमति मिलने के बाद गुरुवार को लार पर लगा प्रतिबंध हटाने का फैसला किया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 2022 में गेंद पर लार लगाने पर स्थाई रूप से प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन आईपीएल अपने नियमों से संचालित किया जाता है और उसका यह फैसला विश्व क्रिकेट के अन्य देशों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित कर सकता है। इससे गेंद को रिवर्स स्विंग कराने में मदद मिलेगी और बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतर तालमेल बन सकेगा। इससे खेल संतुलित हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: KKR vs RCB Weather Report: आईपीएल के उद्घाटन मैच पर मंडराए संकट के बादल; कोलकाता में भारी बारिश का अलर्ट
नियम-2: दूसरी पारी में 'सशर्त' दूसरी नई गेंद
अन्य नियमों में शाम को खेले जाने वाले मैचों में अगर अंपायरों को लगता है कि ओस खेल पर अपना प्रभाव डाल रही है तो वह दूसरी पारी के 11वें ओवर से नई गेंद का इस्तेमाल करने की अनुमति दे सकते हैं। शाम को होने वाले मैचों पर यह नियम लागू होगा। दोपहर में होने वाले मैचों पर यह नियम लागू नहीं होगा। इससे हाईस्कोरिंग मैचों को बनाए रखने में मदद मिलेगी। ताकि दोनों पारी में खेल संतुलित रहे और चेज करने वाली टीम को ओस की मदद न मिले। अक्सर शाम के मैचों में ओस का प्रभाव देखते हुए टॉस जीतने पर टीमें पहले गेंदबाजी का फैसला करती दिखती हैं। इससे अब खेल बैलेंस्ड होगा।
यह भी पढ़ें: KKR vs RCB Playing 11: जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी आरसीबी और केकेआर, टीम संयोजन में देखने मिलेंगे बदलाव
नियम-3: वाइड गेंदों के लिए डीआरएस
इसके अलावा टीम ऊंचाई और ऑफसाइड की वाइड के लिए भी निर्णय समीक्षा प्रणाली का उपयोग कर सकते हैं। इससे गेंद को लेकर एक निष्पक्ष निर्णय सुनिश्चित किया जा सकेगा। हालांकि, लेग-साइड वाइड को ऑन-फील्ड अंपायर द्वारा कॉल लिया जाना जारी रहेगा। हालांकि, इंपैक्ट प्लेयर का नियम पहले की तरह बरकरार रहेगा। इस नियम को पिछले साल काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था, जिसमें कई लोगों ने सुझाव दिया था कि इससे ऑलराउंडरों को नुकसान होता है और उन्हें आगे बढ़ने से रोकता है। बीसीसीआई ने हालांकि इस साल भी इस नियम को जारी रखा है। इसके अलावा अब कप्तानों पर स्लो ओवर रेट के लिए बैन भी नहीं लगेगा। उन्हें अब डिमेरिट अंक मिलेंगे और उन पर जुर्माना लगाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: IPL 2025: सभी 10 टीमों का SWOT एनालिसिस, जानें सबकी कमजोरी और ताकत
नए कप्तान के होने से भी बढ़ेगा रोमांच
आईपीएल 2025 में कम से कम सात टीम (नियमित और अस्थाई) नए कप्तान के साथ मैदान पर उतरेंगी। इनमें से कुछ खिलाड़ी विभिन्न कारण से कुछ मैच में ही अपनी टीम की अगुआई करेंगे। सबसे चौंकाने वाला फैसला आरसीबी ने रजत पाटीदार को कप्तान बनाकर किया। आरसीबी की टीम में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी शामिल हैं और यह देखना दिलचस्प होगा कि पाटीदार किस तरह से टीम की कप्तानी करते हैं। अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे, जबकि 2024 में केकेआर को चैंपियन बनाने वाले श्रेयस अय्यर इस बार पंजाब किंग्स की कमान संभालेंगे। कोलकाता की टीम की कप्तानी इस बार अजिंक्य रहाणे को सौंपी गई है।
संजू सैमसन की अंगुली की चोट के कारण रियान पराग राजस्थान रॉयल्स के शुरुआती तीन मैचों में कप्तानी करेंगे। हार्दिक पांड्या पर पिछले सत्र में धीमी ओवर गति के लिए एक मैच का प्रतिबंध लगा था और इसलिए वह मुंबई इंडियंस के पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रविवार को होने वाले इस मैच में सूर्यकुमार यादव मुंबई की कमान संभालेंगे। आईपीएल में सबसे अधिक कीमत पर बिकने वाले ऋषभ पंत इस सत्र में लखनऊ सुपर जाएंट्स की कमान संभालेंगे।
यह भी पढ़ें: IPL 2025: 65 दिन...74 मैच, कोलकाता में आज शुरू होगा क्रिकेट का उत्सव, केकेआर-आरसीबी के बीच खेला जाएगा पहला मैच
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच बने राहुल द्रविड़
- फोटो : @rajasthanroyals
कुछ टीमों के कोचिंग स्टाफ में भी हुआ बदलाव
आईपीएल में इस बार कुछ टीमों के सहयोगी स्टाफ में भी बदलाव किया गया है। रिकी पोंटिंग दिल्ली कैपिटल्स को छोड़कर पंजाब किंग्स में मुख्य कोच बन गए हैं। पोंटिंग की जगह हेमांग बदानी को दिल्ली कैपिटल्स का मुख्य कोच बनाया गया है। केविन पीटरसन दिल्ली कैपिटल्स में मेंटर (मार्गदर्शक) के रूप में शामिल हो गए हैं, जबकि राहुल द्रविड़ मुख्य कोच के रूप में राजस्थान रॉयल्स में लौट आए हैं। पिछले साल भारत को टी20 विश्व कप खिताब दिलाने के बाद यह आईपीएल में उनका पहला कोचिंग कार्यकाल है। लंबे समय तक चेन्नई की तरफ से खेलने वाले और सीएसके के गेंदबाजी कोच रह चुके ड्वेन ब्रावो केकेआर के मेंटर होंगे। वह गौतम गंभीर की जगह लेंगे, जो अब भारत के मुख्य कोच हैं।
यह भी पढ़ें: IPL 2025: उद्घाटन मैच से पहले ग्राफिक्स में देखें सभी 10 टीमों के स्क्वॉड और संभावित-11, साथ में पूरा शेड्यूल