प्रख्यात हिंदी लेखक विनोद कुमार शुक्ल को शनिवार को भारत के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान 59वें ज्ञानपीठ पुरस्कार के लिए चुना गया। वे यह पुरस्कार पाने वाले छत्तीसगढ़ के पहले लेखक होंगे। 88 वर्षीय लघु कथाकार, कवि और निबंधकार, जिन्हें भाषा के सबसे महान समकालीन लेखकों में से एक माना जाता है, यह पुरस्कार पाने वाले 12वें हिंदी लेखक हैं। यह पुरस्कार केवल भारतीय लेखकों को दिया जाता है। इस पुरस्कार के साथ 11 लाख रुपये की नकद राशि, हिंदू विद्या की देवी सरस्वती की एक कांस्य प्रतिमा और एक प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। यह फैसला प्रख्यात कथाकार और ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता प्रतिभा रे की अध्यक्षता में ज्ञानपीठ चयन समिति की बैठक के दौरान लिया गया। समिति ने एक बयान में कहा, 'विनोद कुमार शुक्ल छत्तीसगढ़ राज्य के पहले लेखक होंगे जिन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा। यह सम्मान उन्हें हिंदी साहित्य, रचनात्मकता और विशिष्ट लेखन शैली में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जा रहा है।'
बैठक में चयन समिति के अन्य सदस्यों में माधव कौशिक, दामोदर मौजो, प्रभा वर्मा, अनामिका, ए कृष्ण राव, प्रफुल शिलेदार, जानकी प्रसाद शर्मा और ज्ञानपीठ के निदेशक मधुसूदन आनंद शामिल थे। अपनी विशिष्ट भाषाई बनावट और भावनात्मक गहराई के लिए जाने जाने वाले विनोद शुक्ल को 1999 में उनकी पुस्तक "दीवार में एक खिड़की रहती थी" के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला था। विनोद शुक्ल की अन्य उल्लेखनीय कृतियों में "नौकर की कमीज" (1979), एक उपन्यास जिसे मणि कौल ने फिल्म में रूपांतरित किया था, और एक कविता संग्रह "सब कुछ होना बचा रहेगा" (1992) शामिल हैं। 1961 में स्थापित ज्ञानपीठ पुरस्कार सबसे पहले मलयालम कवि जी. शंकर कुरुप को 1965 में कविताओं के इस संकलन "ओडक्कुझल" के लिए दिया गया था।
सीएम विष्णु देव साय ने दी बधाई
नोएडा स्पोर्ट्स सिटी परियोजना मामले में तीन FIR दर्ज
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित हजारों करोड़ रुपये की स्पोर्ट्स सिटी परियोजना मामले में तीन FIR दर्ज की है। सीबीआई के मुताबिक, दिल्ली और नोएडा में कई स्थानों पर तलाशी ली गई। जांच के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए। कैग की रिपोर्ट जारी होने के बाद अनियमितताएं उजागर हुईं, इसके बावजूद अधिकारियों ने कोई कदम नहीं उठाए। न्यू ओखला इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (NOIDA) में स्पोर्ट्स सिटी परियोजनाओं के आवंटन, विकास और मंजूरी में कथित अनियमितताओं का मामला 2011 से 2014 के बीच का है। इस मामले की अलग-अलग परतें खुलने के बाद पूरा मामला 9,000 करोड़ रुपये के 'घोटाले' में बदल गया। एक अधिकारी के अनुसार, नोएडा स्पोर्ट सिटी परियोजना का उद्देश्य नोएडा के सेक्टर 78, 79 और 150 में आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों के साथ विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं विकसित करना है।
तेलंगाना में कांग्रेस सरकार के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव ला सकती है बीआरएस
पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी और विधान परिषद सदस्य के कविता ने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता कविता ने कहा, कांग्रेस सरकार ने सदन में बताया कि उन्होंने इस साल लिए गए 1.53 लाख करोड़ रुपये लोन का उपयोग बीआरएस सरकार के कार्यकाल में लिए गए ऋणों को चुकाने में किया है। ऋण चुकाने का विवरण मांगे जाने पर वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। सदन के पटल पर विवरण रखने का दबाव बनाने पर भी दोनों ने उत्तर देने से परहेज किया। उन्होंने जो कुछ भी कहा, उसका बजट दस्तावेजों में उल्लेख ही नहीं है। बीआरएस बजट सत्र के अंतिम दो दिनों में विशेषाधिकार प्रस्ताव ला सकती है। हम सरकार से लड़ने और सच्चाई को सामने लाने का काम करेंगे, ताकि तेलंगाना की जनता सच्चाई जान सके।
पूर्वोत्तर में पुलिस को बड़ी सफलता, करोड़ों की नशीली गोलियां जब्त
त्रिपुरा में 5.5 करोड़ रुपये की नशीली गोलियों के साथ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। अगरतला वेस्ट के पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कुमार ने बताया कि होटल में मादक पदार्थों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। एसडीपीओ (सदर) और ओसी (ईस्ट पुलिस स्टेशन) के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। 11 पैकेट बरामद किए गए जिसमें लगभग 1.10 लाख याबा टैबलेट थे। इन दवाओं का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 5.5 करोड़ रुपये है। संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। मास्टरमाइंड की पहचान असम के कुख्यात ड्रग डीलर सादुल हुसैन तालुकदार के रूप में हुई है। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है और आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेंगे। एनडीपीएस अधिनियम के तहत उन पर मुकदमा चलाया जाएगा।
जाली नोटों की तस्करी के मामले में तीन लोगों को सात साल की सजा
विशाखापत्तनम की एक एनआईए अदालत ने नकली नोट की तस्करी के मामले में तीन लोगों को सात साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। ये तीनों एक बड़े रैकेट का हिस्सा थे। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक बयान में कहा कि फिरोज शेख, तजामुल शेख और इनामुल हक को 2018 के मामले में सजा सुनाई गई है, जिसमें कुल 10.2 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट जब्त किए गए थे। नकली नोट की जब्ती मोहम्मद महबूब बेग और सैयद इमरान से की गई जो हावड़ा-हैदराबाद ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे।
न्यायमूर्ति टंडन बने उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश
न्यायमूर्ति हरीश टंडन को उड़ीसा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। जस्टिस टंडन मौजूदा वक्त में कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश हैं। इस महीने के शुरू में सर्वोच्च न्यायालय के कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति टंडन को उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर पदोन्नत करने की सिफारिश की थी। न्यायमूर्ति चक्रधारी शरण सिंह की सेवानिवृत्ति के बाद जनवरी में उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद खाली हो गया था।
चीन के दो नए काउंटी की घोषणा पर दर्ज कराया कड़ा विरोध
भारत ने चीन के दो नए काउंटी स्थापित किए जाने का कूटनीतिक माध्यमों से कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लोकसभा में लिखित उत्तर में कहा, भारतीय क्षेत्र पर अवैध चीनी कब्जे को कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा। नए काउंटी का कुछ हिस्सा लद्दाख में हैं। इसके निर्माण से न तो इस क्षेत्र पर भारत की संप्रभुता पर कोई असर पड़ेगा, न ही इससे चीन के अवैध और जबरन कब्जे को वैधता मिलेगी। मंत्रालय से पूछा गया कि क्या सरकार को लद्दाख में भारतीय क्षेत्र को शामिल करते हुए होटन प्रांत में चीन की ओर दो नए काउंटी स्थापित करने की जानकारी है। यदि हां तो इस मुद्दे को हल करने के लिए सरकार ने क्या रणनीतिक और कूटनीतिक उपाय किए हैं। सिंह ने कहा, सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे के सुधार पर सावधानीपूर्वक ध्यान देती है, ताकि रणनीतिक और सुरक्षा आवश्यकताओं को भी पूरा किया जा सके।
डीएसपी को तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर, मौत
तेलंगाना राज्य में पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में डीएसपी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त डीएसपी सुबह की सैर पर निकले थे, इसी दौरान आंध्र प्रदेश रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बस ने डीएसपी को टक्कर मार दी। घटना तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के लक्ष्मा रेड्डी पल्लेम इलाके में सुबह 4.40 बजे घटी। डीएसपी टीएन नंदेशवर बाबाजी सुबह की सैर पर निकले थे, उसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। डीएसपी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। फिलहाल हयातनगर पुलिस स्टेशन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
त्रिपुरा में साढ़े पांच करोड़ की प्रतिबंधित याबा टैबलेट जब्त
त्रिपुरा के अगरतला में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से पुलिस ने साढ़े पांच करोड़ रुपये कीमत की प्रतिबंधित याबा टैबलेट जब्त की हैं। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की और शुक्रवार रात को एक होटल में छापा मारा और तीन आरोपियों के पास से 1.10 लाख याबा टैबलेट जब्त की। याबा टैबलेट को क्रेजी ड्रग भी कहा जाता है और इसे बेहद खतरनाक माना जाता है। यह ड्रग मेथामफेटामाइन और कैफीन का मिश्रण होती है और यह भारत में प्रतिबंधित है।
मणिपुर में बच्ची का शव मिलने से तनाव; 15 हिरासत में लिए गए
पूर्वोत्तर भारतीय राज्य मणिपुर से एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। चुराचांदपुर जिले में नौ वर्षीय लड़की का शव संदिग्ध परिस्थितियों बरामद किया गया। गुरुवार शाम करीब छह बजे लापता हुई बच्ची के परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने बताया है कि उसका शव शहर के लान्वा टीडी ब्लॉक में विस्थापितों के लिए बने राहत शिविर के पास बरामद किया गया है। शरीर पर, विशेषकर गले पर, खून के धब्बों के अलावा कई चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को दुष्कर्म के बाद हत्या का शक है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पूछताछ के लिए 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लड़की की जघन्य हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्परता से कार्रवाई कर दोषियों को सजा दिलाने का निर्देश दिया है।
पश्चिमी सिंहभूम में आईडी विस्फोट, CRPF के दो सुरक्षाकर्मी घायल
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के मारंगपोंगा के जंगल में हुए आईडी विस्फोट में सीआरपीएफ 193वीं बटालियन के एक सब इंस्पेक्टर समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। चाईबासा पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार मंडल और हेड कांस्टेबल पार्थ प्रतिम डे के रूप में हुई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया गया है।
हीथ्रो एयरपोर्ट से एयर इंडिया की उड़ानें शुरू
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में बताया कि, कल बिजली की कमी के कारण एयरपोर्ट पर व्यवधान के बाद लंदन हीथ्रो (एलएचआर) से हमारी उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं। आज की उड़ान एआई111 निर्धारित समय पर थी और लंदन से आने-जाने वाली अन्य उड़ानें भी निर्धारित समय के अनुसार संचालित होने की उम्मीद है। 21 मार्च की उड़ान एआई161, जिसे फ्रैंकफर्ट के लिए डायवर्ट किया गया था, के स्थानीय समयानुसार दोपहर 14:05 बजे फ्रैंकफर्ट से रवाना होने की उम्मीद है।
सुप्रीम कोर्ट के जजों ने की नाव की सवारी
मणिपुर के बिष्णुपुर में न्यायमूर्ति बी.आर. गवई के नेतृत्व में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के प्रतिनिधिमंडल ने लोकटक झील में नाव की सवारी की।
INA युद्ध संग्रहालय पहुंचे सुप्रीम कोर्ट के जज
मणिपुर के मोइरांग में न्यायमूर्ति बी.आर. गवई के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के प्रतिनिधिमंडल ने INA युद्ध संग्रहालय का दौरा किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
गुजरात: कागज मिल में लगी भीषण आग, राहत बचाव में जुटी सेना
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में मौजूद एक कागज मिल में शनिवार को भीषण आग लग गई। इसके बाद सेना ने आग बुझाने के अभियान में मदद की। अधिकारियों ने बताया कि ध्रांगध्रा क्षेत्र में शाम 4:15 बजे लगी। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जिला प्रशासन के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) ने सेना से मदद मांगी। इसके बाद ध्रांगध्रा मिलिट्री स्टेशन से सेना की अग्निशमन टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, सेना के 70-80 जवानों और अत्याधुनिक उपकरणों को नागरिक प्रशासन के साथ राहत-बचाव कार्य में तैनात किया गया।
सेना ने बताया कि नागरिकों की जान बचाने को प्राथमिकता दी गई। स्थानीय प्रशासन की मदद से मिल के आसपास के इलाकों को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। ध्रांगध्रा तहसील पुलिस ने बताया कि सुरेंद्रनगर और ध्रांगध्रा फायर स्टेशन की चार टीमों ने भी सेना के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में मदद की। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन जांच शुरू कर दी गई है।