सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इस मैच में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसी के साथ उन्होंने अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
आईपीएल के 18वें सत्र की शुरुआत हो चुकी है। तीसरा मुकाबला रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच खेला जा रहा है। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इस मैच में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसी के साथ उन्होंने अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
रोहित के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब हुई। हिटमैन पहले ही ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें खलील अहमद ने शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। इसी के साथ रोहित आईपीएल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले संयुक्त रूप से पहले बल्लेबाज बन गए। वह आईपीएल इतिहास में 18 बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं। इस मामले में उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल और दिनेश कार्तिक की बराबरी कर ली है। दोनों के नाम 18 बार आईपीएल में शून्य पर आउट होने का अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज है।
आईपीएल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज
खिलाड़ी
शून्य पर आउट
रोहित शर्मा*
18
ग्लेन मैक्सवेल
18
दिनेश कार्तिक
18
पीयूष चावला
16
सुनील नारायण
16
मुंबई को खलेगी हार्दिक और बुमराह की कमी?
मैच की शुरुआत से पहले हिटमैन ने हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी पर बात की थी। उन्होंने कहा- दोनों (हार्दिक और बुमराह) टीम में नहीं हैं। हार्दिक तो अगले मैच से आ जाएंगे, लेकिन बुमराह की वापसी में अभी वक्त है। टीम को कहीं न कहीं बुमराह की कमी खलेगी, क्योंकि उन्होंने जो टीम के लिए किया है और करते हैं उससे हमें काफी आत्मविश्वास मिलता है। बहरहाल, अब उन दोनों की जगह टीम में नए खिलाड़ियों को मौका मिला है। उनसे हमें अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।