आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद को रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। यह इस टीम की लगातार चौथी हार रही। हार के बाद कोच डेनियल विटोरी ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने तीनों विभाग में खराब प्रदर्शन किया है। विटोरी ने कहा कि अगर उनकी टीम को हार से उबरना है तो इसमें सुधार करना होगा।
सनराइजर्स की टीम आक्रामकता बरकरार नहीं रख पाई
पिछले साल बेहद आक्रामक खेल दिखाकर फाइनल में जगह बनाने वाली सनराइजर्स की टीम मौजूदा सत्र में आक्रामक फॉर्म बरकरार नहीं रख पाई है। टीम के शीर्ष तीन खिलाड़ियों ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और इशान किशन के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी है। विटोरी ने कहा, 'मुझे लगता है कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद हर खिलाड़ी इसे समझता है कि पिछला चार मैच बिल्कुल भी करीबी नहीं रहा है।'
'पंजाब के खिलाफ मैच से पहले टीम पर काम करना होगा'
उन्होंने कहा, 'हमारे लिए चुनौती इससे उबर कर आगे बढ़ना है क्योंकि हर आईपीएल टीम किसी ना किसी चरण में हार का सामना करती है। अब हमारे पास टूर्नामेंट में अब तक बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे पंजाब के खिलाफ खेलने से पहले पांच दिन का ब्रेक है। हमें उस मैच के लिए तैयार रहना होगा।' विटोरी ने स्वीकार किया कि उनकी टीम ने अपने सर्वश्रेष्ठ से बहुत निचले स्तर का प्रदर्शन किया है। न्यूजीलैंड के इस पूर्व स्पिनर ने कहा, 'हम पिछले चार मैच में से किसी में भी अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब नहीं पहुंच पाए। मुझे लगता है कि तीनों विभाग में ऐसा हुआ। हम क्षेत्ररक्षण में भी बहुत खराब रहे हैं। पंजाब के मैच से पहले हमें इस पर काम करना होगा।'
प्रसिद्ध कृष्णा ने सिराज को लेकर दिया यह बयान
वहीं सनराइजर्स के खिलाफ दो विकेट लेने वाले गुजरात के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा, 'इससे मुझे अपना काम बेहतर तरीके से करने में मदद मिल रही है।' सिराज के बारे में प्रसिद्ध ने कहा, 'हमने साथ में शानदार सत्र बिताए हैं। जनवरी या फरवरी से उसने (सिराज) जो भी काम किया है उसका फायदा मिल रहा है। सब कुछ ठीक चल रहा है।'