आईपीएल 2025 में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पंजाब किंग्स को 50 रन से हार का सामना करना पड़ा। पंजाब ने टॉस जीतकर राजस्थान को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरआर ने चार विकेट पर 205 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 रन ही बना सकी। यह पंजाब की टीम की इस सीजन पहली हार है। मैच के बाद पीबीकेएस के कप्तान श्रेयस अय्यर ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी टीम योजना के मुताबिक नहीं खेल पाई। वहीं, राजस्थान रॉयल्स में बतौर कप्तान वापसी करने वाले संजू सैमसन ने जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा की जमकर तारीफ की और बताया कि इन दोनों की जोड़ी बेहद घातक है।
'रणनीति के मुताबिक नहीं खेल पाए'
श्रेयस ने हार के बाद स्वीकार किया कि वे रणनीति के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए। मैच के बाद अय्यर ने कहा, 'हम उन्हें 180-185 रन तक रोकना चाहते थे क्योंकि यह लक्ष्य हम हासिल कर सकते थे, लेकिन हमने कुछ अतिरिक्त रन दे दिए। हम अपनी योजनाओं के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए। यह हार सत्र की शुरूआत में मिली है। हम अच्छी साझेदारियां बना सकते थे, लेकिन हम ज्यादा आक्रामक होकर खेलने लगे। इस मैच से बहुत कुछ सीखेंगे।'
IPL Points Table: डबल हेडर के बाद अंक तालिका में बड़ा बदलाव, दिल्ली शीर्ष पर; चैंपियन रहीं चार टीमें सबसे नीचे
'जगाने के लिए इस हिचकी की जरूरत थी'
श्रेयस ने कहा, 'ओस नहीं थी जैसा कि हमने अनुमान लगाया था, लेकिन मुझे लगता है कि हमें और मेहनत करने की जरूरत है। हमने लगातार विकेट भी गंवाए, जो आदर्श नहीं था क्योंकि नए बल्लेबाजों के लिए इस विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। नेहल ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कुछ समय लिया और फिर गेंदबाजों पर अटैक किया। नेहल ने स्थिति का अधिकतम लाभ उठाया। टूर्नामेंट की शुरुआत में आपको जगाने के लिए इसी तरह की 'हिचकी' चाहिए। मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि यह हार हमारे लिए अच्छा साबित होगा और हमें बेसिक्स पर जाने में मदद मिलेगी।'
सैमसन जीत के बाद हुए खुश
वहीं, राजस्थान के कप्तान सैमसन जीत के बाद बेहद उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा, 'जिस तरह से हमने पावरप्ले में शुरुआत की हमें लगा कि हमारा स्कोर थोड़ा कम है, लेकिन हमें जो बल्लेबाज मिले हैं, वे शानदार हैं। 205 बोर्ड पर बहुत अच्छा स्कोर था। हमारी बल्लेबाजी लाइन अप युवा है, लेकिन उन्होंने देश के लिए बहुत सारे मैच खेले हैं। वे खेल को अच्छी तरह से मैनेज कर रहे हैं और खेल रहे हैं।'
PBKS vs RR: मुल्लांपुर में पंजाब ने गंवाया पांचवां मुकाबला, नेहल वढेरा और ग्लेन मैक्सवेल की मेहनत पर फिरा पानी
सैमसन ने आर्चर-संदीप की तारीफ की
आर्चर और संदीप को लेकर सैमसन ने कहा, 'यह एक बहुत ही घातक कॉम्बो है। एक गेंदबाज 150 की स्पीड से गेंदबाजी करता है और एक 115 की स्पीड पर।' यह कहे जाने पर कि संदीप ने इस मैच मे 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की, इस पर सैमसन ने कहा, 'ओह उसने ऐसा किया क्या? हमें इस मौके पर एक केक काटना चाहिए (मुस्कुराते हुए)। मैं दबाव वाले ओवरों में संदीप पर थोड़ा ज्यादा भरोसा कर सकता हूं। जब आर्चर तेज गेंदबाजी करते हैं तो हम सभी को अच्छा लगता है।'
'चोटों का रखना होगा ध्यान'
सैमसन ने कहा, 'हमने टाइमआउट में एक छोटी सी टीम मीटिंग की और मैंने सुझाव दिया कि पंजाब एक क्वालिटी साइड है और हम उन्हें आसान नहीं ले सकते। जब तक आखिरी गेंद फेंकी जाती है, तब तक हम जीत की गारंटी नहीं दे सकते। हमने प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित किया और परिणाम ने खुद का ख्याल रखा। हमने यह पता लगाने में अपना समय लिया कि सर्वश्रेष्ठ संयोजन, लाइनअप और बल्लेबाजी क्रम क्या हैं। चोटों का हमें ध्यान रखना होगा क्योंकि यह एक लंबा टूर्नामेंट है।'
मैच में क्या हुआ?
भारत के स्टार यशस्वी जायसवाल (67 रन) ने समय पर फॉर्म में वापसी करते हुए बल्ले से कमाल दिखाया जिसके बाद जोफ्रा आर्चर (25 रन देकर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से राजस्थान रॉयल्स ने शनिवार को पंजाब किंग्स को 50 रन से हरा दिया। चेन्नई सुपर किंग्स को पिछले मैच में हराने वाली राजस्थान रॉयल्स की यह दूसरी जीत है तो वहीं पंजाब किंग्स को तीन मैच में पहली हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान रॉयल्स ने चार विकेट पर 205 रन का स्कोर खड़ा किया। पंजाब की ओर से नेहल वढेरा (62 रन) और ग्लेन मैक्सवेल (30 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 52 गेंद में 88 रन की साझेदारी की और टीम को मैच में वापस लाए। लेकिन हसरंगा और तीक्षणा ने इन दोनों को आउट कर पंजाब की उम्मीदों को झटका दिया। पंजाब की टीम इस तरह 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 रन ही बना सकी।