लांस क्लूसनर ने लखनऊ की हार पर बयान दिया
- फोटो : ANI/IPL/BCCI
आईपीएल 2025 में सोमवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स को करीबी मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स से हार का सामना करना पड़ा। एक वक्त लखनऊ का विन प्रेडिक्शन 98 प्रतिशत दिखा रहा था, लेकिन दिल्ली की पारी के आखिरी पांच ओवर में यह गजब पलटा। विन प्रेडिक्शन ऐसा पलटा की आखिरी ओवर में तीन गेंद शेष रहते ही दिल्ली की टीम जीत गई। इस हार के बाद लखनऊ के सहायक कोच लांस क्लूसनर ने कहा कि चोटिल खिलाड़ियों की वापसी से पहले वैकल्पिक खिलाड़ियों से काम चलाने के अलावा उनके पास कोई चारा नहीं है।
लखनऊ के चार तेज गेंदबाज चोटिल
लखनऊ की टीम को आईपीएल के नए सत्र से पहले ही करारा झटका लगा था। टीम के कम से कम चार तेज बाद गेंदबाज आवेश खान, मयंक यादव, मोहसिन खान और आकाशदीप चोटिल हो गए। ये सभी खिलाड़ी फिलहाल एनसीए में हैं और रिहैब में हैं। वे एनसीए से फिट सर्टिफिकेट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में लखनऊ को सोमवार को अन्य गेंदबाजों के साथ खेलना पड़ा। शार्दुल ठाकुर, प्रिंस यादव, दिग्वेश और एम सिद्धार्थ के साथ टीम को उतरना पड़ा।
209 रन का बचाव नहीं कर पाए लखनऊ के गेंदबाज
ये गेंदबाज दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सत्र के अपने पहले मैच में अच्छी शुरुआत करने के बावजूद 209 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर पाए। इस मैच में ओस ने भी अपनी भूमिका निभाई। क्लूसनर ने मैच के बाद कहा, 'अभी हमारे पास गेंदबाजी में बहुत अधिक विकल्प नहीं हैं। जब तक हमारे खिलाड़ी चोट से उबरकर वापसी नहीं करते हैं तब तक हमें अपने वैकल्पिक खिलाड़ियों से ही काम चलाना होगा।'
'बल्लेबाजों को निभानी होगी महत्वपूर्ण भूमिका'
उन्होंने कहा, 'लेकिन यही इस खेल की प्रकृति है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हैदराबाद में होने वाले अगले मैच में हमारे बल्लेबाजों को इस मैच की तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।' क्लूसनर ने कहा, 'हम इसके लिए तैयार हैं लेकिन जैसा मैंने कहा कि इससे कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका मिल रहा है। शार्दुल ठाकुर ने पहले ओवर में ही दो विकेट लिए जिससे वास्तव में मुझे काफी खुशी मिली।'