भारत के पूर्व ओपनर गौतम गंभीर की कोलकाता नाइटराइडर्स में वापसी हो गई है। कोलकाता ने आईपीएल के आगामी सीजन से पहले होने वाले नीलामी से पहले बड़ा एलान किया। उसने बताया कि पूर्व कप्तान गंभीर मेंटर के रूप में टीम के साथ जुड़ रहे हैं। गंभीर की कप्तानी में कोलकाता ने 2012 और 2014 में आईपीएल का खिताब जीत था। उनकी वापसी से टीम के मालिक और अभिनेता शाहरुख खान भी खुश हैं।
शाहरुख ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी खुशी जाहिर की। उनसे एक प्रशंसक ने पूछा, ''शाहरुख सर, गौतम गंभीर फिर से हमारी टीम केकेआर में क्यों?'' शाहरुख ने प्रशंसक को जवाब देते हुए लिखा, ''क्योंकि गौतम गंभीर हमारा अपना है। केकेआर का कप्तान है और फैमिली है।'' कोलकाता नाइटराइडर्स के कोच चंद्रकांत पंडित और कप्तान श्रेयस अय्यर हैं। अब इनदोनों को मेंटर गौतम गंभीर का साथ मिलेगा। शाहरुख और गौतम के बीच अच्छे संबंध हैं। जब गंभीर दूसरी टीम के साथ थे तब भी शाहरुख उनकी तारीफ करते थे। हाल के दिनों में दोनों कई बार मिले थे। इससे यह कयास लग रहे थे गौतम की वापसी केकेआर में हो सकती है।
गौतम की बहुत कमी महसूस हुई: शाहरुख
इससे पहले केकेआर ने शाहरुख खान का आधिकारिक बयान भी जारी किया था। किंग खान ने कहा था, ''गौतम हमेशा परिवार का हिस्सा रहे हैं और अब हमारे कप्तान एक मेंटर के रूप में एक अलग अवतार में घर वापस आ रहे हैं। उनकी बहुत कमी महसूस हुई और अब हम सभी आगे की ओर देख रहे हैं। हम चंदू सर (चंद्रकांत पंडित) और गौतम को टीम केकेआर को और आगे बढ़ाने, साथ ही टीम में कभी न हार मानने वाला जज्बा और खेल भावना पैदा करते हुए देखना चाहते हैं।''
गंभीर ने केकेआर में वापसी पर क्या कहा?
गंभीर पहले भी केकेआर के साथ काम कर चुके हैं। वह कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और उनकी कप्तानी में केकेआर ने 2012 और 2014 में दो बार आईपीएल का खिताब जीता था। गंभीर 2011 से 2017 तक केकेआर के कप्तान रहे थे और अब वह इस टीम के मेंटर के तौर पर काम करेंगे। अपनी वापसी पर गंभीर ने कहा- मैं भावुक व्यक्ति नहीं हूं और बहुत सी चीजें मुझे प्रभावित नहीं करतीं, लेकिन ये अलग है। मैं वहीं पर वापस आ गया हूं जहां से सब शुरू हुआ था। अब जब मैं एक बार फिर की बैंगनी और सुनहरे रंग की जर्सी पहनने के बारे में सोच रहा हूं तो मेरे गले में रुंधन और दिल में आग है। मैं न केवल केकेआर में वापस आ रहा हूं बल्कि मैं सिटी ऑफ जॉय में वापस आ रहा हूं। मैं वापस आ गया हूं। मैं भूखा हूं। मैं 23वें नंबर का खिलाड़ी हूं। आमी केकेआर।''