रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के दूसरे सीजन का खिताब जीता था। इस फ्रेंचाइजी के लिए यह उपलब्धि काफी मायने रखती है क्योंकि आईपीएल के 16वें सीजन तक आरसीबी की पुरुष टीम ने कभी ट्रॉफी नहीं जीती थी। महिलाओं ने हालांकि आरसीबी के इस खिताबी सूखे को समाप्त कराया और स्मृति मंधाना की अगुआई वाली टीम ने जीत दर्ज की थी। टीम के ऑलराउंडर कैट क्रॉस ने दावा करते हुए कहा कि विराट कोहली ने टीम के मालिक से आरसीबी अनबॉक्स इवेंट के दौरान महिला टीम का सम्मान करने कहा था।
आईपीएल से पहले हुआ था अनबॉक्स इवेंट
आरसीबी की टीम अपने फैंस के लिए हर साल अनबॉक्स इवेंट का आयोजन करती है। इस बार भी यह इवेंट बैंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर हुआ था। आईपीएल 2024 सीजन की शुरुआत से पहले 19 मार्च को यह आयोजन हुआ था जिसमें टीम का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु किया गया था। पहले टीम का नाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर था। इस इवेंट के दौरान आरसीबी की पुरुष टीम ने महिला टीम को डब्ल्यूपीएल जीतने पर गॉर्ड ऑफ हॉनर दिया था। क्रॉस जिन्होंने इस सीजन टीम के लिए एक भी मैच नहीं खेला था उन्होंने कहा कि महिला टीम का सम्मानित करने का आइडिया कोहली का था। उन्होंने कहा, मालिक को विराट कोहली का संदेश गया कि हमें इवेंट के दौरान महिला टीम को सम्मानित करना चाहिए।
फाइनल में दिल्ली को हराया था
आरसीबी ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए डब्ल्यूपीएल के फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 113 रन बनाए थे। आरसीबी ने 19.3 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लिया। आरसीबी ने श्रेयांका पाटिल और मोलीन्यूक्स की शानदार गेंदबाजी के दम पर दिल्ली को बड़ा स्कोर बनाने से रोका था। बाएं हाथ की स्पिनर मोलीन्यूक्स को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
आईपीएल में जलवा बिखेर रहे कोहली
कोहली इन दिनों आईपीएल में आरसीबी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कोहली की कोशिश है कि महिला टीम की तरह पुरुष टीम भी इस बार खिताब जीते। कोहली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ पहले मैच में बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, लेकिन उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम के दूसरे मुकाबले में अर्धशतक जड़ा था और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। कोहली को उस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।