लखनऊ सुपरजाएंट्स के भारतीय अनकैप्ड तेज गेंदबाज मयंक यादव ने पिछले दो मैचों में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। मयंक की गेंदबाजी से दुनिया के तमाम दिग्गज खिलाड़ी प्रभावित हैं। लखनऊ का सामना अब रविवार को गुजरात टाइटंस से होना है। राजस्थान रॉयल्स के स्पिनर युजवेंद्र सिंह चहल भी मयंक से काफी प्रभावित हैं और उन्होंने इस युवा तेज गेंदबाज की सराहना की है।
मयंक ने डाली थी इस सीजन की सबसे तेज गेंद
मयंक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ इस सीजन की सबसे तेज गेंद डाली थी। उन्होंने 155.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की थी। इसके अगले ही मैच में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ भी सबसे तेज गेंद डाली थी और अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया था। वह आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गेंद डालने वाले शीर्ष पांच गेंदबाज भी बन गए थे। उमरान मलिक के बाद मयंक हाल के दिनों में भारत के दूसरे तेज गेंदबाज हैं जिन्होंने 155 किमी प्रति घंटे की रफ्तार को छूआ है। विश्व में चुनिंदा गेंदबाज ही हैं जो इस उपलब्धि को हासिल कर सके हैं।
चहल को भविष्य में मयंक से बेहतर करने की आशा
पंजाब और आरसीबी के खिलाफ अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके मयंक अब गुजरात के बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं। इस मैच से पहले हालांकि राजस्थान के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मयंक की काफी प्रशंसा की है। चहल ने कहा, यह देखना सुखद है कि भारत से कोई गेंदबाज इतनी गति से गेंद डाल रहा है। मयंक काफी युवा हैं और मैं चाहता हूं कि वह 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार भी छूएं।
भारत के लिए खेलना चाहते हैं मयंक
आईपीएल के शुरुआती दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच बनकर इतिहास रचने वाले मयंक ने कहा था कि उनका लक्ष्य भारतीय टीम के लिए खेलने का है। मयंक ने कहा था, दो मैचों में दो बार मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार लेकर अच्छा लग रहा है। मुझे हालांकि ज्यादा खुश इस बात की है कि हम दोनों मैच जीतने में सफल रहे। मेरा लक्ष्य भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा खेलने का है। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए सिर्फ शुरुआत है और मेरा पूरा ध्यान अपने लक्ष्य को हासिल करने पर है।