फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2024 Playoff: लखनऊ से हार के बाद मुंबई के लिए प्लेऑफ की राह कठिन, बेंगलुरु-पंजाब समेत बाकी टीमों के समीकरण

Wed, 01 May 2024 10:33 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

मुंबई के लिए उनके आने वाली बाकी मैच करो या मरो वाले हैं। उन्हें अपने बाकी बचे सभी चार मैच जीतने होंगे और साथ ही अन्य नतीजों पर निर्भर रहना होगा, क्योंकि सभी मैचों में जीत के बाद भी उसके 14 अंक ही हो पाएंगे।
विज्ञापन
आईपीएल 2024 - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2024 के 48वें मैच में मंगलवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ चार विकेट की हार के बाद मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। मार्कस स्टोइनिस ने शानदार अर्धशतक जड़ा और अपनी टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ एलएसजी की टीम आईपीएल 2024 अंक तालिका में छह जीत और +0.094 के नेट रन रेट (एनआरआर) के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, एमआई की स्थिति और खराब हो गई है। टीम 10 मैचों में सिर्फ छह अंकों के साथ तालिका में नौवें स्थान पर है। इसका मतलब है कि मुंबई के लिए उनके आने वाली बाकी मैच करो या मरो वाले हैं। उन्हें अपने बाकी बचे सभी चार मैच जीतने होंगे और साथ ही अन्य नतीजों पर निर्भर रहना होगा, क्योंकि सभी मैचों में जीत के बाद भी उसके 14 अंक ही हो पाएंगे।
विज्ञापन




आईपीएल 2024 प्लेऑफ क्वालिफिकेशन समीकरण -

राजस्थान रॉयल्स (नौ मैच खेले, आठ जीते, एक हारे, कुल अंक 16, नेट रन रेट +0.694)

राजस्थान रॉयल्स - फोटो : IPL/BCCI
2008 आईपीएल के चैंपियन राजस्थान रॉयल्स (आरआर) आईपीएल 2024 में सबसे शानदार टीम रही है। रॉयल्स ने इस सीजन में अपने नौ में से आठ मैच जीते हैं और उसके फिलहाल 16 अंक हैं। टीम आईपीएल 2024 अंक तालिका में शीर्ष पर है। उसके अभी पांच मैच बाकी हैं। ऐसे में रॉयल्स को आईपीएल 2024 प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। एक और जीत से संजू सैमसन के नेतृत्व वाली यह टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। टीम लीग राउंड को शीर्ष पर रहते हुए भी खत्म कर सकती है। वे इस सीजन में खिताब जीतने के लिए पसंदीदा में से एक हैं। 

कोलकाता नाइट राइडर्स (नौ खेले, छह जीते, हारे तीन, कुल अंक 12, नेट रन रेट +1.096)

आईपीएल 2024 - फोटो : IPL/BCCI
दो बार की विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) इस सीजन की सबसे प्रभावशाली टीमों में से एक रही है। मेंटर और पूर्व कप्तान गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में नाइट राइडर्स ने अब तक छह जीत दर्ज की है और तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा है। श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमों में से एक रही है। केकेआर का नेट रन रेट +1.096 इसकी गवाही देता है। केकेआर को आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने के लिए अपने शेष पांच मैचों में से कम से कम दो जीतने की जरूरत है। हालिया फॉर्म को देखते हुए, केकेआर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने और शीर्ष दो में समाप्त होने के लिए प्रबल दावेदार होगा।

लखनऊ सुपर जाएंट्स (मैच 10, छह जीते, हारे चार, कुल अंक 12, नेट रन रेट +0.094)

केएल राहुल - फोटो : IPL/BCCI
लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) इस सीजन में शीर्ष चार में जगह बनाने की दौड़ में सीएसके या एसआरएच को पछाड़ने के मजबूत दावेदारों में से एक है। स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल के नेतृत्व में लखनऊ ने अपने पहले दो सीजन में भी प्लेऑफ में जगह बनाई थी। अब टीम लगातार तीसरी बार अंतिम चार के लिए क्वालिफाई कर सकती है। 10 मैचों में 12 अंक हासिल करने के बाद, एलएसजी को कम से कम दो और जीत की आवश्यकता होगी। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनका अगला मैच उनके आईपीएल 2024 प्लेऑफ क्वालिफिकेशन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।

चेन्नई सुपर किंग्स (नौ मैच खेले, पांच जीते, हारे चार, कुल अंक 10, नेट रन रेट +0.810)

आईपीएल 2024 - फोटो : IPL/BCCI
गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने आईपीएल 2024 में घर (चेपॉक) से बाहर संघर्ष किया है। पांच बार की आईपीएल विजेता सीएसके ने वानखेड़े स्टेडियम में एमआई पर मामूली जीत दर्ज की थी, जबकि इस सीजन में चेपॉक में अपने पांच मैचों में से चार में जीत दर्ज की है। नए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स के नौ मैचों में 10 अंक हैं और उसे आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए बाकी बचे पांच मैचों में से तीन जीतने होंगे। सीएसके को अपने घर पर अभी भी दो और मैच खेलने हैं। सीएसके आईपीएल 2024 प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने के लिए पसंदीदा में से एक है।

सनराइजर्स हैदराबाद (नौ खेले, पांच जीते, हारे चार, कुल अंक 10, नेट रन रेट +0.075)

सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : IPL/BCCI
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने अपने आईपीएल 2024 अभियान की जोरदार शुरुआत की क्योंकि उन्होंने अपने पहले सात मैचों में से पांच में जीत हासिल की। सनराइजर्स को अपने पिछले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम अपने सलामी बल्लेबाजों ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा पर अत्यधिक निर्भर रही है, जिन्होंने अधिकांश मैचों में तूफानी प्रदर्शन किया है। सीएसके की तरह हैदराबाद के भी नौ मैचों में 10 अंक हैं और शीर्ष चार में रहने के लिए उसे बाकी बचे पांच मैचों में से तीन जीतने की जरूरत है। सनराइजर्स को अभी हैदराबाद में चार मैच खेलने हैं। सनराइजर्स, चेन्नई और लखनऊ के बीच दो स्थानों के कड़ी टक्कर है।

दिल्ली कैपिटल्स (11 मैच खेले, पांच जीते, छह हारे, कुल अंक 10, नेट रन रेट -0.442)

दिल्ली कैपिटल्स - फोटो : IPL/BCCI
दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने इस सीजन में अब तक अपने 11 में से पांच मैच जीते हैं। ऋषभ पंत की अगुआई वाली कैपिटल्स आईपीएल 2024 अंक तालिका में 10 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। उन्होंने लीग के इस मोड़ पर सबसे ज्यादा मैच खेले हैं। अपने पिछले पांच मैचों में से तीन जीतने के बाद, कैपिटल्स ने अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने की दौड़ में खुद को बनाए रखा है। -0.442 के नेट रन-रेट के साथ, डीसी को अपने बाकी बचे सभी तीन मैच अच्छे अंतर से जीतने होंगे, ताकि उनका नेट रन रेट पॉजिटिव हो और ऊपर की टीमों से बेहतर हो।

गुजरात टाइटंस (10 मैच खेले, चार जीते, छह हारे, कुल अंक आठ, नेट रन रेट -1.113)

आईपीएल 2024 - फोटो : IPL/BCCI
पिछले सीजन के फाइनलिस्ट गुजरात टाइटंस (GT) का अब तक आईपीएल 2024 अभियान निराशाजनक रहा है। नए कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में टाइटंस ने इस सीजन में चार जीत दर्ज की हैं और छह में हार का सामना करना पड़ा है। 10 मैचों में आठ अंकों के साथ, जीटी के आईपीएल 2024 प्लेऑफ क्वालिफिकेशन की संभावना धूमिल दिख रही है। -1.113 के नेट रन-रेट के साथ, टाइटंस को न केवल अपने शेष चार मैचों को बड़े अंतर से जीतने की जरूरत है, बल्कि उन्हें आईपीएल 2024 प्लेऑफ में क्वालिफाई करने के लिए अन्य टीमों से भी मदद की आवश्यकता होगी।

पंजाब किंग्स (नौ खेले, तीन जीते, छह हारे, कुल अंक 6, नेट रन रेट -0.187)

आईपीएल 2024 - फोटो : IPL/BCCI
पंजाब किंग्स की कोलकाता नाइट राइडर्स पर रिकॉर्ड तोड़ आठ विकेट की जीत ने उन्हें आईपीएल 2024 में जीवित रखा है। तीन जीत दर्ज करने और छह हार का सामना करने के बाद पंजाब आईपीएल 2024 अंक तालिका में नौ मैचों में छह अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। दिलचस्प बात यह है कि पंजाब ने 2014 में फाइनल में पहुंचने के बाद से आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं किया है। अपने निगेटिव नेट रन रेट को ध्यान में रखते हुए पंजाब को अपने बाकी सभी पांच मैच अच्छे अंतर से जीतने की जरूरत है और यह भी उम्मीद करनी है कि अगर उन्हें आईपीएल 2024 प्लेऑफ में जगह बनानी है तो अन्य परिणाम उनके पक्ष में आएं।

मुंबई इंडियंस (10 मैच खेले, तीन जीते, सात हारे, कुल अंक 6, नेट रन रेट -0.272)

हार्दिक पांड्या - फोटो : IPL/BCCI
पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस का मौजूदा सीजन में प्रदर्शन काफी खराब रहा है। नवनियुक्त कप्तान हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में MI ने आईपीएल 2024 में 10 मैचों में सिर्फ तीन जीत हासिल की है। सिर्फ छह अंकों के साथ MI आईपीएल 2024 अंक तालिका में नौवें स्थान पर है और शीर्ष चार में पहुंचने के लिए उन्हें किसी चमत्कार की आवश्यकता है। हार्दिक की टीम अब अधिकतम 14 अंकों तक पहुंच सकती है और इसके लिए उन्हें अपने शेष सभी चार मैच जीतने की जरूरत है। साथ ही यह भी उम्मीद करनी होगी कि बाकी मैचों के नतीजे उनके पक्ष में आएं।
विज्ञापन

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (10 मैच खेले, तीन जीते, सात हारे, कुल अंक 6, नेट रन रेट -0.415)

आईपीएल 2024 - फोटो : IPL/BCCI
गुजरात टाइटंस पर मनोबल बढ़ाने वाली नौ विकेट की जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अभी भी आईपीएल 2024 प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर सकते हैं। 10 मैचों में छह अंक हासिल करने के बाद आरसीबी तीन जीत और सात हार से 10 टीमों की तालिका में सबसे निचले (10वें) स्थान पर है। नतीजतन, फाफ डुप्लेसिस की अगुआई वाली टीम को न केवल अपने अंतिम चार मैचों को बड़े अंतर से जीतने की जरूरत है, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि बाकी टीमें भी बड़े अंतर से हारें। यहां से कोई भी और हार आरसीबी को आईपीएल 2024 प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर देगी। इसलिए, आरसीबी के पास इस सीजन में क्वालिफाई करने का सबसे कम मौका है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें