पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन अपने बेटे जोरावर को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक दिल को छू लेने वाली पोस्ट साझा की और लिखा, "तुम हमेशा मेरे साथ हो, मेरे बेटे।" स्टार बल्लेबाज ने एक जर्सी की तस्वीर भी साझा की, जिसमें उनके बेटे जोरावर का नाम लिखा हुआ है। दिग्गज फिलहाल आईपीएल 2024 में खेलते नजर आ रहे हैं। पिछले मैच में वह टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे, फिलहाल वह बीमारी से उबर रहे हैं।
बेटे को याद कर भावुक हुए धवन
अक्टूबर, 2012में धवन ने आयशा मुखर्जी से शादी की थी। उनकी शादी आठ साल तक चली, जिसके बाद दोनों ने तलाक ले लिया। अब उनका बेटा जोरावर अपनी मां के साथ रहता है। धवन अक्सर अपने बेटे को याद करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट करते रहते हैं। पिछले साल दिसंबर में बेटे के जन्मदिन पर भारतीय बल्लेबाज ने खास मेसेज साझा किया था। वह अपने बेटे से हुई आखिरी मुलाकात को याद कर भावुक हो गए थे। धवन ने लिखा, "एक साल हो गया मुझे तुम्हें देखे हुए, और अब, तीन महीने हो गए मुझे हर जगह से ब्लॉक कर दिया गया है इसलिए तुम्हे विश करने के लिए वही तस्वीर पोस्ट कर रहा हूं।"
पांच मैचों में बनाए 151 रन
भारत के लिए क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट खेल चुके शिखर धवन लंबे वक्त से टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मुकाबला दिसंबर, 2022 में खेला था। इसके बाद से उन्हें टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है। इन दिनों वह आईपीएल में खेलते नजर आ रहे हैं। आईपीएल के मौजूदा सीजन में उन्होंने पांच मैचों में 151 रन बनाए हैं। उनका उच्चतम स्कोर 70 का है। वह जल्द से जल्द मैदान पर वापसी करना चाहेंगे।