आईपीएल के 16वें सीजन का आगाज 31 मार्च को होने वाला है। करीब-करीब सभी टीमों ने ट्रेनिंग कैंप लगा लिया है। धीरे-धीरे सभी खिलाड़ी अपनी-अपनी फ्रेंचाइजियों से जुड़ेंगे। इसी बीच, आईपीएल टीमों को एक बड़ी खुशखबरी मिली है। न्यूजीलैंड ने दिग्गज केन विलियम्सन सहित चार खिलाड़ियों को आईपीएल के लिए जल्दी रीलीज करने की योजना बनाई है। इन खिलाड़ियों को श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए नहीं चुना जाएगा। आईपीएल का पहला मुकाबला गुजरात जाएंट्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा।
सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व कप्तान केन विलियम्सन इस बार गुजरात टाइटंस के लिए खेलेंगे। गुजरात ने उन्हें दो करोड़ रुपये के बेस प्राइस में खरीदा था। उनकी टीम टूर्नामेंट का पहला ही मैच खेलेगी। वहीं, टिम साउदी कोलकाता नाइटराइडर्स के सदस्य हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स के दो सदस्य डेवोन कॉन्वे और मिचेल सेंटनर भी दूसरे टेस्ट के बाद रीलीज किए जाएंगे। कॉन्वे और सेंटनर पिछले सीजन में भी चेन्नई की टीम में थे। कॉन्वे और सेंटनर उद्घाटन मैच में दिख सकते हैं।
एलेन, फर्ग्यूसन और फिलिप्स 25 मार्च के बाद भारत आएंगे
इन चार खिलाड़ियों के अलावा तीन अन्य क्रिकेटर फिन एलेन (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर), लॉकी फर्ग्यूसन (कोलकाता नाइटराइडर्स) और ग्लेन फिलिप्स (सनराइजर्स हैदराबाद) 25 मार्च को ऑकलैंड में होने वाले पहले वनडे के बाद भारत के लिए रवाना होंगे। श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद न्यूजीलैंड की टीम तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगी।
विलियम्सन की जगह वनडे में टॉम लाथम होंगे कप्तान
केन विलियम्सन की अनुपस्थिति में न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने वनडे सीरीज के लिए टॉम लाथम को कप्तान बनाया है। 28 मार्च को क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे वनडे से पहले मार्क चैपमैन, बेन लिस्टर और हेनरी निकोल्स टीम के जुड़ जाएंगे। ये भारत जाने वाले खिलाड़ियों की जगह लेंगे। टॉम ब्लंडेल और विल यंग को भी सीमित ओवरों की टीम में होंगे।