सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक अपने प्रदर्शन से प्रभावित कर रहे हैं। हेड कोच टॉम मूडी ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के इस युवा को गेंद से खुद को अभिव्यक्त करने की पूरी आजादी दी गई है। श्रीनगर के करीब 22 साल के तेज गेंदबाज उमरान मलिक आईपीएल 2022 में लगातार 145 से 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकी जो 153.1 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की थी। लेकिन उन्होंने इस दौरान काफी रन लुटाए हैं। उन्होंने पांच मैचों में 173 रन देकर पांच विकेट झटके हैं। टॉम मूडी हालांकि इससे चिंतित नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि आखिर, जब आप इस फॉर्मेट में 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हो तो आप ऐसी उम्मीद नहीं कर सकते कि आप रन नहीं लुटाओगे। वह विकेट के पीछे काफी रन देते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है कि उसे मैदान में स्मैश किया जा रहा है या फिर कवर पर।
कोच टॉम मूडी ने शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स पर सात विकेट की जीत के बाद कहा कि इसलिए आपको उसकी शैली की गेंदबाजी को स्वीकार करना होगा। हम स्वीकार करते हैं कि वह जिस तरह की गेंदबाजी करते हैं, वह रन लुटाएंगे ही लेकिन हम उन्हें विकेट चटकाते हुए देखना चाहते हैं।