मैच के टर्निंग प्वाइंट
1. लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस हारने के बाद एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की। दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे पर राहुल पुराने अंदाज में दिखे और 68 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने चौथे विकेट के लिए दीपक हुड्डा के साथ 87 रन की बेहतरीन साझेदारी की और दोनों ने बहुत सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी की। तीन विकेट जल्दी गिरने के बावजूद दोनों ने रन रेट नहीं गिरने दिया और इसका फायदा टीम को मिला।
2. अर्धशतक लगाने के बाद हुड्डा 16वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए थे। इसके बाद राहुल भी 19वें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन लौट गए। लखनऊ की टीम का स्कोर इस समय 144 रन था। इसे 170 तक ले जाने में आयुष बदोनी ने अहम योगदान दिया। उन्होंने 19 रन की छोटी, लेकिन अहम पारी खेली और अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।
3. हैदराबाद के सामने 170 रन का लक्ष्य था और मैच जीतने के लिए अच्छी शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कप्तान विलियम्सन 16 रन बनाकर आउट हो गए। 38 रन के अंदर दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए और यह टीम पावरप्ले का फायदा नहीं उठा पाई। यहीं से हैदराबाद मैच में पिछड़ गई।
4. हैदराबाद के लिए राहुल त्रिपाठी ने 44 रन की अहम पारी खेली, लेकिन कोई बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सका। अंत में वो भी बड़ा शॉट खेलकर आउट हो गए। उनके अलावा पूरन ने 34 और सुंदर ने 18 रन बनाए।
5. हैदराबाद के लिए अंत में पूरन और सुंदर ने अच्छी बल्लेबाजी की थी और ऐसा लग रहा था कि ये दोनों अपनी टीम को मैच जिता सकते हैं, लेकिन आवेश खान ने 18वें ओवर में दो विकेट लेकर मैच पलट दिया। उन्होंने पहले पूरन और फिर अब्दुल समद को आउट किया। इस ओवर में उन्होंने सात रन खर्चे और मैच अपनी टीम के पक्ष में कर दिया।
चार विकेट लेकर लखनऊ को मैच जिताने वाले आवेश खान