आईपीएल ने 14 सालों में खिलाड़ियों को सिर्फ स्टार ही नहीं बनाया है बल्कि उनकी जिंदगी को भी बदलने का काम किया है। फिल्म अभिनेता शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली टीम कोलकाता नाइटराइडर्स ने आईपीएल नीलामी में एक ऐसे खिलाड़ी पर दांव लगाया जिसे देखकर सभी हैरान रह गए। फ्रेंचाइजी ने टेनिस गेंद से क्रिकेट में नाम कमाने वाले पंजाब के खिलाड़ी रमेश कुमार को 20 लाख रुपये की बेस प्राइस में खरीदा है।
टेनिस गेंद से देश के अलग-अलग शहरों में खेलने वाले रमेश कुमार ने कुछ पैसे कमाए। अब आईपीएल नीलामी में बिकने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह से बदल जाएगी। उनके पिता दूसरों के जूतों में पॉलिश करने का और मां गांव-गांव घूमकर चूड़ियां बेचने का काम करती हैं। रमेश ने बताया कि पहले भी उन्होंने माता-पिता को यह काम छोड़ने के लिए कहा था, लेकिन तब वे नहीं माने थे। अब आईपीएल में बोली लगने के बाद उन्होंने मेरी बात मान ली है।
रमेश टेनिस गेंद क्रिकेट में ‘नारायण जलालाबाद’ नाम से मशहूर हैं। अपनी बल्लेबाजी को लेकर वे यूट्यूब पर काफी प्रसिद्ध हैं। अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए प्रसिद्ध रमेश ने समाचार एजेंसी पीटीआई से माता-पिता के काम के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि वे पहले काम छोड़ने को लेकर राजी नहीं थे। मैं उन्हें यह काम करते नहीं देख सकता, लेकिन उन्हें मजबूरी में मजदूरी करनी पड़ रही है।
नीलामी में बोली लग जाने के बाद रमेश को लगातार फोन आ रहे हैं। इसके बावजूद उनके पैर जमीन पर ही हैं। उन्होंने कहा है कि आईपीएल से मिलने वाले पैसे से वे छोटे भाइयों को पढ़ाएंगे। उनका मानना है कि असली में जीवन तभी बदलेगा जब वे आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे। पिछले साल रमेश ने लैदर बॉल से खेलना शुरू किया है। जिला स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद उन्हें पंजाब टीम के रणजी ट्रॉफी शिविर में बुलाया गया है।
रमेश ने बताया कि आईपीएल में नियमित तौर पर खेलने वाले गुरकीरत सिंह मान ने उनकी काफी मदद की। गुरकीरत ने ही उन्हें मुंबई में कोलकाता नाइट राइडर्स के ट्रायल तक पहुंचाया था। वहां नाइटराइडर्स के कोच अभिषेक नायर उनसे काफी प्रभावित हुए थे। इसके बाद टीम ने उन्हें नीलामी में खरीद लिया।